पंजाब में रद्द हो सकते हैं 7,000 से ज्यादा हथियार लाइसेंस, गन कल्चर पर सख्त हुई पुलिस

 

पंजाब में हजारों हथियार लाइसेंस होंगे रद्द! गन कल्चर पर पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Edited By: Rishab Chawla | Updated: 04 Dec, 2025 – 12:35 PM

चंडीगढ़: पंजाब में हथियारों के शौकीनों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य में अब करीब 7,000 हथियार लाइसेंस रद्द होने की आशंका है। एक पंजाबी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब पुलिस ने सरकार को यह सिफारिश भेजी है। इससे पहले मार्च 2023 में भी पंजाब सरकार 803 हथियार लाइसेंस रद्द कर चुकी है।

विशेष डीजीपी अर्पित शुक्ला के अनुसार, हाल के वर्षों में लाइसेंसी हथियारों का दुरुपयोग तेजी से बढ़ा है। कई लोग सोशल मीडिया पर हथियारों का खुला प्रदर्शन कर रहे हैं, शादी-पार्टियों में जश्न के रूप में हवाई फायरिंग कर रहे हैं, और कई मामलों में यही हथियार अपराधों में भी इस्तेमाल होते पाए गए हैं। बढ़ते खतरों और गन कल्चर पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी संख्या में लाइसेंस रद्द करने का प्रस्ताव दिया है।

पंजाब में वर्तमान में लगभग 3.46 लाख लाइसेंसशुदा हथियार हैं — यह संख्या राज्य की जनसंख्या के मुकाबले देश में सबसे अधिक है। पुलिस का कहना है कि यह आंकड़ा देश की कुल आबादी का केवल 2% होने के बावजूद देश के कुल लाइसेंसशुदा हथियारों का करीब 10% पंजाब में है।

गौरतलब है कि 2021 में मोहाली में युवा अकाली दल नेता विक्की मिड्डूखेड़ा की हत्या और 2022 में मशहूर गायक सिद्धू मूसेवाला की शूटिंग ने पंजाब के गन कल्चर को राष्ट्रीय सुर्खियों में ला दिया था। इसके बाद से पुलिस लगातार हथियारों पर सख्ती की मांग कर रही है।

दूसरी ओर, पंजाब के गन हाउस मालिकों ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि अपराधों में उपयोग होने वाले हथियारों में लाइसेंसी हथियारों की संख्या बेहद कम होती है। असली समस्या अवैध हथियारों की है, जिन्हें रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाने चाहिए।

पुलिस की यह सिफारिश लागू होने की स्थिति में, पंजाब में हथियार रखने वाले हजारों लोगों को अपने लाइसेंस खोने पड़ सकते हैं। अब पूरा राज्य सरकार के अगले फैसले का इंतजार कर रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *