Punjab Police का ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ कल से शुरू: 72 घंटे, 12 हजार पुलिसकर्मी मैदान में; DGP बोले– सरेंडर पर रहेगा सकारात्मक रवैया

चंडीगढ़:
पंजाब में अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए पंजाब पुलिस कल से ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ की शुरुआत करने जा रही है। यह विशेष अभियान 9 फरवरी सुबह 8 बजे से शुरू होकर 72 घंटे तक चलेगा। इस दौरान राज्यभर में करीब 12 हजार पुलिसकर्मी मैदान में तैनात किए जाएंगे।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने साफ कहा कि पंजाब को गैंगस्टर और संगठित अपराध से मुक्त करना पुलिस की प्राथमिकता है।

डीजीपी ने कहा, “जो लोग सरेंडर करना चाहते हैं, उनके प्रति पुलिस का एटीट्यूड सकारात्मक रहेगा, लेकिन अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”

12 हजार पुलिसकर्मी, 2000 टीमें

डीजीपी के अनुसार, इस अभियान के लिए लगभग 2000 पुलिस टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक जिले में सीनियर अधिकारियों को इंचार्ज बनाया गया है, जिनकी जिम्मेदारी और जवाबदेही तय की गई है।

उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के दौरान एसएसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी खुद फील्ड में रहकर कार्रवाई की निगरानी करेंगे। अभियान के बाद परफॉर्मेंस इवैल्यूएशन भी किया जाएगा, जिसमें अधिकारियों और स्टाफ के कामकाज की समीक्षा होगी।

फेज-1 में हजारों गिरफ्तार

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार का फेज-1 20 जनवरी से शुरू किया गया था। इस दौरान—

  • 5,290 लोगों को गिरफ्तार किया गया
  • 2,973 प्रिवेंटिव डिटेंशन की गई
  • 5,413 लोगों से पूछताछ के बाद छोड़ा गया

इसके अलावा, राज्य में 7,000 हथियार लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

हर थाना कंट्रोल रूम से जुड़ेगा

डीजीपी ने बताया कि वायरलेस और संचार व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। सभी थानों को जिला कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। थानों में तैनात पुलिसकर्मियों को वॉकी-टॉकी सिस्टम उपलब्ध कराया जा रहा है।

किसी भी आपराधिक घटना के बाद जिला कंट्रोल रूम में डिजिटल बोर्ड पर तुरंत यह तय किया जाएगा कि किस इलाके को सील करना है या पूरे जिले में किस तरह की घेराबंदी करनी है। इसके बाद पीसीआर और फील्ड स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंचेगा।

वांटेड अपराधियों पर फोकस

यह ऑपरेशन खास तौर पर वांटेड क्रिमिनल और गैंगस्टर नेटवर्क को निशाना बनाने के लिए है। डीजीपी ने बताया कि विदेशों में बैठे अपराधियों को वापस लाने की प्रक्रिया भी केंद्र सरकार के माध्यम से शुरू कर दी गई है।

कड़ा संदेश

डीजीपी गौरव यादव ने दो टूक कहा कि पंजाब में अपराध करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है।
“कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *