पंजाब के तीन मंत्री दिल्ली तलब, सियासी हलचल तेज
पंजाब डेस्क: पंजाब की राजनीति में उस समय हलचल बढ़ गई जब राज्य के तीन कैबिनेट मंत्रियों को अचानक दिल्ली बुलाया गया और उनकी Arvind Kejriwal के साथ बैठक हुई। आधिकारिक तौर पर इसे सामान्य संगठनात्मक चर्चा बताया गया है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इस बैठक को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पंजाब कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह, हरदीप सिंह मुंडियां और मोहिंदर भगत को दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। सूत्रों का कहना है कि बैठक में सरकार के कामकाज की समीक्षा, आगामी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
कैबिनेट फेरबदल की चर्चाएं तेज
पिछले कुछ दिनों से पंजाब में कैबिनेट फेरबदल और विस्तार को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। यहां तक कि एक दलित उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा जारी है। ऐसे में मंत्रियों का दिल्ली तलब किया जाना सियासी तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में हुई यह बैठक केवल औपचारिक नहीं बल्कि भविष्य की रणनीतिक तैयारियों का हिस्सा भी हो सकती है। इस दौरान विधायक प्रो. बलजिंदर कौर की मौजूदगी ने भी चर्चाओं को और बल दिया है।
फिलहाल आधिकारिक बयान में इसे नियमित समीक्षा बैठक बताया गया है। आने वाले दिनों में ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह बैठक केवल संगठनात्मक चर्चा थी या पंजाब की सियासत में किसी बड़े बदलाव का संकेत।

