पंजाब में मौसम का बदला मिज़ाज: 2 दिन शीत लहर का अलर्ट, 15 जिलों में घना कोहरा

चंडीगढ़:
पंजाब में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले कुछ दिनों के लिए शीत लहर और घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, 3 से 6 फरवरी के बीच मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

मौसम विभाग की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में दो दिनों तक शीत लहर चलने की संभावना है। इसके साथ ही 15 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। कोहरा विशेष रूप से सुबह और देर शाम के समय अधिक रहने की आशंका जताई गई है, जिससे दृश्यता काफी कम हो सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रही। हालांकि अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे दिन के तापमान में हल्की राहत देखने को मिली। वहीं न्यूनतम तापमान में आने वाले दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है।

इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बठिंडा, बरनाला, मानसा, फिरोजपुर, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और फाजिल्का के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है। लोगों को वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

4 फरवरी को भी इन इलाकों में कोहरा बना रह सकता है, हालांकि मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 5 और 6 फरवरी को मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है और फिलहाल किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

इन जिलों में हल्की बारिश की संभावना

पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, रूपनगर और मोहाली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम से जुड़ी ताज़ा जानकारी पर नज़र बनाए रखें और आवश्यक सावधानियां अपनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *