पंजाब में 2–3 फरवरी को बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया नया अपडेट

चंडीगढ़:
पंजाब के मौसम को लेकर एक बार फिर नया अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 31 जनवरी से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और 2 व 3 फरवरी को कई इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

हालांकि प्रदेश में सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड का असर अभी भी बरकरार है, लेकिन दोपहर के समय तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अधिकतम तापमान में करीब 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है, जिससे यह सामान्य के आसपास पहुंच गया है।

 1 से 3 फरवरी तक बारिश की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि 1 फरवरी को पंजाब के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा 31 जनवरी, 2 फरवरी और 3 फरवरी को भी अलग-अलग इलाकों में बारिश के आसार बने हुए हैं। अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।

फरीदकोट में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जिससे ठंड का असर साफ देखा जा रहा है।

 इन जिलों में घना कोहरा और शीत लहर

मौसम विभाग ने 30 जनवरी को अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, मोगा, फिरोजपुर, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, संगरूर और मानसा जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।

कुछ स्थानों पर सुबह के समय दृश्यता 50 मीटर से भी कम रहने की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही कई जिलों में शीत लहर जारी रहने की संभावना है, जिससे सुबह और रात के समय लोगों को तेज ठंड का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने वाहन चालकों और आम लोगों को कोहरे और ठंड को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *