Punjabi Doordarshan | पंजाब डेस्क
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट:
गुरदासपुर एनकाउंटर मामले में मारे गए रणजीत सिंह को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस मामले में अब पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए पंजाब पुलिस से जवाब मांगा है।
DGP को किया तलब
हाईकोर्ट ने पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव को नोटिस जारी करते हुए तलब किया है। अदालत ने उन्हें आज दोपहर 2 बजे तक जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, डीजीपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत के समक्ष पेश होंगे।
परिवार ने हाईकोर्ट का किया रुख
दरअसल, रणजीत सिंह के परिवार ने इस मामले में दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद परिवार ने अदालत का दरवाजा खटखटाया।
परिवार का आरोप है कि उनके बेटे को बिना किसी ठोस कारण के पुलिस ने हिरासत में लिया और बाद में एनकाउंटर दिखाकर उसकी हत्या कर दी।
25 फरवरी को हुआ था एनकाउंटर
गौरतलब है कि गुरदासपुर में दो पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में 25 फरवरी को पंजाब पुलिस ने रणजीत सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया था। इस घटना के बाद से मामला विवादों में है और परिवार लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।
मामले पर सबकी नजर
हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद अब इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। अदालत में पुलिस की ओर से पेश किए जाने वाले जवाब के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।

