गणतंत्र दिवस 2026: कर्तव्य पथ पर दिखेगी पंजाब की झांकी, चंडीगढ़ के पूर्व DIG इंद्रजीत सिद्धू को पद्म श्री; 18 पुलिस अफसरों को राष्ट्रपति पदक

गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ की शोभा बढ़ाएगी पंजाब की झांकी

चंडीगढ़:
गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के अवसर पर इस बार पंजाब की झांकी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर दिखाई देगी। केंद्र सरकार की चयन समिति ने पंजाब की झांकी को परेड के लिए मंजूरी दे दी है। झांकी ‘हिंद दी चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत शताब्दी को समर्पित होगी।

इसके साथ ही पंजाब के 18 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 3 अधिकारियों को विशिष्ट सेवा और 15 को सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में केंद्र सरकार द्वारा आधिकारिक सूची जारी कर दी गई है।

चंडीगढ़ के पूर्व DIG इंद्रजीत सिद्धू को मिलेगा पद्म श्री

इस गणतंत्र दिवस पर चंडीगढ़ निवासी और पंजाब के पूर्व DIG इंद्रजीत सिंह सिद्धू (88 वर्ष) को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वे 1964 बैच के IPS अधिकारी हैं और 1996 में DIG पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने समाज सेवा का अनोखा उदाहरण पेश किया। पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से वे रोजाना सुबह 6 बजे सैनिटेशन कार्ट लेकर चंडीगढ़ की सड़कों और नालियों की सफाई करते हैं। उनकी यह सेवा भावना कई बार सोशल मीडिया पर भी वायरल हो चुकी है। सामाजिक कार्यों में प्रेरणादायक योगदान के लिए उन्हें पद्म पुरस्कार 2026 के तहत सम्मानित किया जा रहा है।

चंडीगढ़ के IG और इंस्पेक्टर को राष्ट्रपति पदक

गणतंत्र दिवस 2026 पर यूटी चंडीगढ़ के IG पुष्पेंद्र कुमार और इंस्पेक्टर जसबीर सिंह को भी राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा।

  • IG पुष्पेंद्र कुमार वर्तमान में चंडीगढ़ में इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस के पद पर तैनात हैं।
  • इंस्पेक्टर जसबीर सिंह, जिन्होंने 11 फरवरी 1992 को ASI के रूप में सेवा शुरू की थी, वर्तमान में थाना मलोया में SHO के तौर पर कार्यरत हैं।

इसके अलावा हेड कॉन्स्टेबल सुरिंदर पाल को भी राष्ट्रपति पदक के लिए चुना गया है। साथ ही कई पुलिसकर्मियों को DGP कमेंडेशन डिस्क (स्वर्ण, रजत और कांस्य) देने की घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री और राज्यपाल का गणतंत्र दिवस कार्यक्रम

पंजाब सरकार ने गणतंत्र दिवस समारोह का शेड्यूल जारी कर दिया है।

  • मुख्यमंत्री भगवंत मान इस बार होशियारपुर में तिरंगा फहराएंगे।
  • राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया फाजिल्का में ध्वजारोहण करेंगे।

पहले राज्यपाल का कार्यक्रम पटियाला में प्रस्तावित था, जिसे बाद में बदल दिया गया। फाजिल्का में होने वाले ऐट होम समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

CM भगवंत मान का बयान

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शिक्षाएं पूरी दुनिया को मानवाधिकार, समानता और धार्मिक स्वतंत्रता का संदेश देती हैं। उनकी शहादत और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर पंजाब की झांकी को कर्तव्य पथ पर प्रस्तुत किया जा रहा है।

2024 के विवाद के बाद मिली बड़ी सफलता

गौरतलब है कि 2024 में पंजाब की झांकी को परेड में शामिल नहीं किए जाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पंजाब सरकार ने झांकी को राज्य और दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शित किया था। इस बार केंद्र सरकार द्वारा झांकी का चयन किया जाना पंजाब के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *