तरनतारन लॉ छात्रा हत्याकांड में नया मोड़, आरोपी के परिवार ने रखी अपनी बात

तरनतारन:
तरनतारन स्थित एक लॉ कॉलेज में हुई छात्रा की सनसनीखेज हत्या के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। इस मामले में पहली बार आरोपी छात्र के परिवार ने मीडिया के सामने अपनी चुप्पी तोड़ी है। आरोपी छात्र की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है, जबकि गोली लगने से छात्रा की मौके पर ही जान चली गई थी।

आरोपी छात्र की मां ने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें कभी अंदाजा नहीं था कि उनका बेटा इतना खौफनाक कदम उठा सकता है। उन्होंने बताया कि बेटे का कॉलेज में दाखिला हुए अभी कुछ ही महीने हुए थे और वह पढ़ाई को लेकर गंभीर रहता था। घर में वह हमेशा अपने भविष्य और करियर की योजनाओं की बातें करता था।

मां के मुताबिक, बेटे ने उन्हें बताया था कि मृतक छात्रा उससे फोन नंबर मांगती थी, लेकिन उसने नंबर देने से मना कर दिया था क्योंकि वह नंबर मां के नाम पर था। मां का दावा है कि छात्रा अकसर कहती थी कि उनका बेटा बाकी लड़कों से अलग है और सिर्फ पढ़ाई पर ही ध्यान देता है।

आरोपी की मां ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले बेटे ने छात्रा को किसी अन्य युवक के साथ बाइक पर जाते हुए देखने की बात कही थी, जिसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। हालांकि परिवार ने उसे समझाने की कोशिश की और किसी अनहोनी की आशंका नहीं जताई थी।

घटना वाले दिन का जिक्र करते हुए मां ने कहा कि बेटा रोज की तरह उनसे मिलकर कॉलेज गया था और जाते समय सिर्फ इतना कहा था—“मां, मैं जा रहा हूं।” उन्हें नहीं पता था कि यह आखिरी मुलाकात होगी।

वहीं दूसरी ओर, मृतक छात्रा के परिजनों ने पहले ही इस घटना को एकतरफा प्रेम से जुड़ा मामला बताया है। छात्रा की मां का कहना है कि आरोपी ने उनकी बेटी को प्रपोज किया था, जिसे उसने साफ इनकार कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने यह खौफनाक कदम उठाया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 9 फरवरी की सुबह कॉलेज के क्लासरूम में हुई। आरोपी छात्र ने अचानक पिस्टल निकालकर छात्रा के सिर में गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। साथ ही कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *