मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र की मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरा होने के मौके पर उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जहां भाजपा की सरकार है वहां गरीब का कल्याण है। उन्होंने इन 11 वर्षों के कार्यकाल को विकसित भारत एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का स्वर्णिम काल करार दिया है। कहा कि इन 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को न केवल वैश्विक पहचान दी है, बल्कि स्वयं को तपाकर और खपाकर 140 करोड़ भारतवासियों के लिए एक विश्वास का प्रतीक बनाया है। यह कार्यकाल नए भारत को एक विकसित, आत्मनिर्भर, स्वर्णिम कालखंड के रूप में प्रस्तुत करता है। इसके लिए हम प्रदेश सरकार और प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री को बधाई देते हैं।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में योगी ने कहा कि सुशासन अब संस्कृति के रूप में देखने को मिल रहा है। 11 वर्ष का यह कार्यकाल सेवा को संकल्प के रूप में, सुशासन को संस्कृति के रूप में और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। आजादी के 65 वर्षों में कांग्रेस नेतृत्व और अन्य अस्थिर सरकारों के कारण आमजन का विश्वास टूटा था, विश्वास खंडित हुआ था, वैश्विक मंच पर भारत की छवि तार-तार हुई थी। पिछले 11 वर्षों के अंदर प्रधानमंत्री मोदी के रूप में भ्रष्टाचार, परिवारवाद, तुष्टिकरण की राजनीति से मुक्त, एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार करने वाला एक ऐसा नेतृत्व मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के 11 साल ऐसे समय में पूरे हो रहे हैं जब पूरी दुनिया ने भारत की सैन्य शक्ति को पाकिस्तान में परखा और दुनिया ने भरोसे के साथ उस ताकत को देखा जो अभी आपरेशन सिंदूर के माध्यम से हम सबके सामने है। केंद्र सरकार सज्जनों के साथ शांति से विकास की बात करती है लेकिन कोई हम पर युद्ध थोपेगा, हमारी सुरक्षा पर सेंध लगाएगा, आतंकवाद को प्रेरित और प्रोत्साहित करेगा तो उसका जवाब सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और आपरेशन सिंदूर ही होंगे। उन्होंने धारा 370 को समाप्त किए जाने का भी जिक्र करते हुए कहा कि भारत की अखंडता को कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक भारत श्रेष्ठ भारत के नए माडल के रूप में प्रस्तुत किया है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के पंच प्रण व 11 संकल्पों का भी जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में भारत दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद ही किसान राजनीतिक एजेंडे में आया है। पहली बार गरीब शासन की योजना का हिस्सा बन पाया है। अब योजनाएं किसी तुष्टिकरण का शिकार नहीं होतीं, बल्कि बिना भेदभाव समाज के प्रत्येक तबके को उसकी संतुष्टीकरण का आधार देने वाली होती हैं। उन्होंने कहा कि आस्था और अर्थव्यवस्था का बेहतर समन्वय हो सकता है, इसे सभी ने महाकुंभ के माध्यम से देखा है। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और अभियान के संयोजक मानवेंद्र सिंह मौजूद थे।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर लगी 11 वर्ष के कार्यकाल पर प्रदर्शनी
मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसमें 65 वर्ष बनाम 11 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को दिखाया गया है। उन्होंने 11 वर्षों में चलाई गई विभिन्न योजनाओं और उनकी प्रगति के बारे में जानकारी भी ली। प्रदर्शनी में आपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया गया, जिसे मुख्यमंत्री ने सराहा।