अमृतसर में प्लॉट से असॉल्ट राइफल बरामद, मिलिट्री इंटेलिजेंस के अलर्ट पर पुलिस की कार्रवाई
अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में लुहारका रोड के पास एक प्लॉट से असॉल्ट राइफल बरामद की गई है। मिलिट्री इंटेलिजेंस अमृतसर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर तलाशी अभियान चलाया। हथियार को कब्जे में लेकर थाना कंबो में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल, यह पता नहीं चला है कि राइफल वहां किसने और किस उद्देश्य से छिपाई थी।
मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली थी सूचना
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 11 अक्टूबर को ASI सरवन सिंह पुलिस टीम के साथ मीराकोट खुर्द इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मिलिट्री इंटेलिजेंस अमृतसर के कर्मचारियों ने उन्हें सूचना दी कि लुहारका रोड पर कैम्ब्रिज स्कूल के पास स्थित एक प्लॉट में हथियार छिपाकर रखा हो सकता है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस के कर्मचारियों ने बताए गए स्थान पर तलाशी अभियान चलाया।
पीले लिफाफे में मिली राइफल
तलाशी के दौरान प्लॉट से पीले रंग का एक लिफाफा बरामद हुआ। उसकी जांच करने पर अंदर से एक असॉल्ट राइफल मिली। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राइफल की बॉडी पर CAL 223 BORE S/A लिखा हुआ था।
बरामद हथियार के साथ मैगजीन और रॉड नहीं मिली। पुलिस ने राइफल को कब्जे में लेकर उसकी वीडियोग्राफी भी की।

अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
इस मामले में थाना कंबो में 11 अक्टूबर 2026 को भारतीय आर्म्स एक्ट की धारा 25(8), 54 और 59 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड में आरोपी अज्ञात बताया गया है।
फिलहाल, हथियार की बरामदगी के पीछे की वजह, उसे प्लॉट में रखने वाले व्यक्ति और संभावित मकसद को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। मामले की जांच जारी है।

