पंजाब का गैंगस्टर गुरविंदर इथियोपिया से डिपोर्ट, 30 आपराधिक मामलों में वांटेड; 5 लाख रुपये का था इनाम
पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए डोनी बल-प्रभ दासूवाल गैंग के कथित सरगना गुरविंदर उर्फ अफरीदी को इथियोपिया से डिपोर्ट कराया है। इस ऑपरेशन में पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस की ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (OFTEC) और केंद्रीय एजेंसियों ने सहयोग किया।
पुलिस के अनुसार, गुरविंदर करीब 30 आपराधिक मामलों में वांटेड था। उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए पंजाब सरकार ने 5 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
10 महीने तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तलाश
पुलिस के मुताबिक, ‘ऑपरेशन शहीद’ के तहत आरोपी की तलाश करीब 10 महीने तक जारी रही। शुरुआती जांच में आरोप है कि विदेश में रहते हुए वह पंजाब में टारगेट किलिंग, फिरौती के लिए फायरिंग और अन्य संगठित आपराधिक गतिविधियों को निर्देशित कर रहा था।
उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए खुफिया सूचनाओं, तकनीकी निगरानी और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का सहारा लिया गया।
एशिया, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका में चलाया गया सर्च ऑपरेशन
पंजाब पुलिस के अनुसार, गुरविंदर की तलाश केवल एक देश तक सीमित नहीं थी। उसे पकड़ने के लिए एशिया, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के कई देशों में जानकारी जुटाई गई।
इस दौरान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क रखा गया। तकनीकी माध्यमों से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।
विदेश मंत्रालय और केंद्रीय एजेंसियों का मिला सहयोग
इस अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन में विदेश मंत्रालय और अन्य केंद्रीय एजेंसियों ने भी पंजाब पुलिस की मदद की। पुलिस ने सभी संबंधित एजेंसियों के सहयोग के लिए आभार जताया है।
पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस के अनुसार, ऐसे अभियानों का उद्देश्य आपराधिक नेटवर्क को कमजोर करना और राज्य में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना है।

