दिवाली और बंदी छोड़ दिवस पर जगमगाया अमृतसर, गोल्डन टेंपल में जलेंगे एक लाख दीये

दिवाली और बंदी छोड़ दिवस पर रोशनी से जगमगाया अमृतसर, गोल्डन टेंपल में जलेंगे एक लाख दीये

अमृतसर में रविवार को दिवाली और बंदी छोड़ दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर पूरी गुरुनगरी रोशनी से जगमगा उठी है। घरों, दुकानों और बाजारों को दीपों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। बाजारों में भी त्योहार की रौनक देखने को मिली और लोगों ने जमकर खरीदारी की।

कारोबारियों के मुताबिक, इस बार मिठाइयों, सजावट के सामान, पूजा सामग्री, गहनों, क्रॉकरी, बर्तनों और ड्राईफ्रूट्स के साथ गिफ्ट आइटम और पटाखों की भी अच्छी बिक्री हुई है। महंगाई के बावजूद लोगों के उत्साह में कमी नहीं दिखाई दी।

प्रशासन ने रविवार रात 8 बजे से 10 बजे तक पटाखे चलाने की अनुमति दी है।

गोल्डन टेंपल में एक लाख से अधिक दीयों से होगी दीपमाला

बंदी छोड़ दिवस के अवसर पर श्री हरिमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गुरुद्वारा परिसर में गुरमत समागम का आयोजन हो रहा है।

शाम को गुरु घर में एक लाख से अधिक दीये जलाकर भव्य दीपमाला की जाएगी। इसके बाद रात में आतिशबाजी भी होगी। दीपों की रोशनी से स्वर्ण मंदिर परिसर का नजारा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

रविवार को छुट्टी होने के कारण श्री हरिमंदिर साहिब में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। अनुमान है कि दिनभर में दो लाख से अधिक श्रद्धालु माथा टेकने पहुंच सकते हैं।

श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए गुरुद्वारा परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं।

शाम 5 बजे जत्थेदार देंगे सिख कौम के नाम संदेश

बंदी छोड़ दिवस के अवसर पर शाम 5 बजे श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह सिख कौम के नाम संदेश देंगे। इसके लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।

दिवाली और बंदी छोड़ दिवस के इस पावन अवसर पर अमृतसर में धार्मिक श्रद्धा, दीपमाला और आतिशबाजी का विशेष संगम देखने को मिल रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *