लुधियाना में छठ पूजा की तैयारियां पूरी, घाटों पर गोताखोर और मेडिकल टीमें होंगी तैनात

लुधियाना में छठ पूजा की तैयारियां पूरी, कैबिनेट मंत्रियों ने घाटों का किया निरीक्षण; प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

लुधियाना: छठ पूजा को लेकर लुधियाना में पंजाब सरकार और जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार, 12 नवंबर को कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और हरदीप सिंह मुंडियां ने शहर के विभिन्न छठ पूजा स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल भी मौजूद रहे।

मंत्रियों ने पक्खोवाल कैनाल ब्रिज, गिल कैनाल ब्रिज, ईश्वर नगर कैनाल ब्रिज और लाडोवाल स्थित सतलुज दरिया के घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजामों की जानकारी ली गई।

छठ पूजा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक दिन पहले ही अधिकारियों को छठ पूजा की तैयारियों को लेकर जरूरी निर्देश दिए थे। उन्हीं निर्देशों के तहत आज घाटों का निरीक्षण किया गया है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0161-2403100 जारी किया है। इस नंबर पर छठ पूजा से संबंधित किसी भी तरह की परेशानी या सहायता के लिए संपर्क किया जा सकता है।

सरकार श्रद्धालुओं को देगी घर जैसा माहौल: अमन अरोड़ा

कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि सिधवां नहर और अन्य पूजा स्थलों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में लंबे समय से रहकर काम कर रहे दूसरे राज्यों के लोगों को सरकार छठ पूजा के दौरान घर जैसा माहौल उपलब्ध करवाएगी।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि छठ पूजा के आयोजन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सरकार की ओर से की जाएंगी।

सतलुज दरिया पर गोताखोर और मेडिकल टीमें रहेंगी तैनात

लाडोवाल स्थित सतलुज दरिया के घाट पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मंत्री के अनुसार, यहां मेडिकल टीमें और गोताखोर तैनात किए जाएंगे, ताकि पूजा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

सभी टीमों की निगरानी स्थानीय SDM करेंगे। अमन अरोड़ा ने श्रद्धालुओं से अपील की कि किसी भी परेशानी की स्थिति में जारी हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत संपर्क करें।

केजरीवाल और चन्नी को लेकर भी बोले अमन अरोड़ा

मीडिया से बातचीत के दौरान अमन अरोड़ा से अरविंद केजरीवाल को कथित फिरौती कॉल मिलने के बारे में सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। उन्होंने टिप्पणी की कि केजरीवाल के पास देने के लिए अच्छी शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का मॉडल है।

वहीं, कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी की साइकिल यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए अरोड़ा ने कांग्रेस में अंदरूनी मतभेद होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही पार्टी में साइकिल का हैंडल और पहिए अलग-अलग नजर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *