कबड्डी खिलाड़ी अंबा सुरसिंह वारिस पंजाब दे में शामिल, 2027 चुनाव लड़ने का ऐलान

कबड्डी खिलाड़ी अंबा सुरसिंह वारिस पंजाब दे में शामिल, 2027 विधानसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान; झोटा के परिवार को भी मिला चुनाव लड़ने का प्रस्ताव

अमृतसर: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अमृतपाल सिंह उर्फ अंबा सुरसिंह अकाली दल वारिस पंजाब दे में शामिल हो गए हैं। अमृतसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता सुखविंदर सिंह अगवान और अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

पार्टी में शामिल होने के बाद अंबा सुरसिंह ने 2027 के विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अब वह कबड्डी के मैदान के बाद राजनीतिक मैदान में भी पंजाब के लिए काम करेंगे।

कबड्डी के बाद अब सियासत में आजमाएंगे किस्मत

पार्टी नेता सुखविंदर सिंह अगवान ने बताया कि सांसद और पार्टी अध्यक्ष भाई अमृतपाल सिंह खालसा के दिशा-निर्देशों तथा कार्यकारी अध्यक्ष बापू तरसेम सिंह खालसा की अगुवाई में पार्टी का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि तरनतारन जिले के गांव सुरसिंह के रहने वाले अंबा सुरसिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी में अपनी पहचान बनाई है। जिस तरह उन्होंने खेल के मैदान में बड़े खिलाड़ियों को चुनौती दी, उसी तरह अब वह राजनीति में भी अपनी भूमिका निभाएंगे।

अगवान के मुताबिक, पार्टी का संसदीय बोर्ड और सुपर हाई पावर कमेटी आगामी चुनाव में युवाओं को जिम्मेदारियां और टिकट देने पर विचार करेगी।

नशे और गैंगवार से युवाओं को बचाना लक्ष्य: अंबा

पार्टी में शामिल होने के बाद अंबा सुरसिंह ने कहा कि वह 2022 में खालसा वहीर के समय से ही भाई अमृतपाल सिंह की विचारधारा से प्रभावित हैं। उन्होंने पंजाब में नशे और गैंगवार की बढ़ती समस्या पर चिंता जताई।

अंबा ने कहा कि खराब कानून-व्यवस्था का असर कबड्डी जैसे खेलों पर भी पड़ा है। उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबियां की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को सही दिशा देना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के उद्देश्य से वह इस पार्टी के साथ जुड़े हैं और 2027 में भाई अमृतपाल सिंह को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे।

अंबा ने दावा किया कि खेमकरण क्षेत्र के कई अन्य कबड्डी खिलाड़ी भी उनके साथ पार्टी में शामिल हो रहे हैं। इनमें भीम सुरसिंह, मनजीत नवें पिंड, काका माड़ी मेघा, प्रीत लद्दू और मक्खन संधू के नाम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में रह रहे कई अन्य खिलाड़ी भी जल्द पार्टी से जुड़ सकते हैं।

चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर लगाए आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुखविंदर सिंह अगवान ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी को मान्यता नहीं देना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है।

अगवान ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को राजनीतिक दल बनाने का अधिकार देता है, लेकिन उनकी पार्टी के रास्ते में रुकावटें पैदा की जा रही हैं। उन्होंने पंजाब पुलिस के इस्तेमाल से सिख युवाओं को दबाने का आरोप भी लगाया और लक्खा सिधाना तथा भाना सिद्धू की गिरफ्तारियों का जिक्र किया।

दो डिप्टी CM बनाने और हिंदू चेहरों को टिकट देने का ऐलान

2027 के चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति बताते हुए अगवान ने कहा कि उनकी पार्टी किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे पंजाब का प्रतिनिधित्व करना चाहती है।

उन्होंने ऐलान किया कि यदि पार्टी की सरकार बनती है तो राज्य में दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे। इसके अलावा लुधियाना, अमृतसर, जालंधर और बठिंडा जैसे शहरी क्षेत्रों से हिंदू उम्मीदवारों को भी टिकट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी धर्मों और वर्गों को साथ लेकर चलने की नीति पर काम करेगी।

शिरोमणि अकाली दल बादल पर भी निशाना

अगवान ने शिरोमणि अकाली दल बादल की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि खुद को पंथक बताने वाली पार्टियों ने सत्ता में रहते हुए सिखों के हितों को नुकसान पहुंचाया।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की लड़ाई दिल्ली से संचालित होने वाली राजनीतिक पार्टियों के खिलाफ है। हालांकि, पंजाब के हितों की रक्षा करने वाली क्षेत्रीय ताकतों के साथ तालमेल के विकल्प खुले रखे गए हैं।

परविंदर सिंह झोटा के परिवार को चुनाव लड़ने का प्रस्ताव

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा का भी जिक्र किया गया। सुखविंदर सिंह अगवान ने कहा कि झोटा ने उनसे फोन पर बातचीत के दौरान पंजाब को बचाने की लड़ाई में साथ देने की इच्छा जताई थी।

उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पार्टी झोटा के परिवार के साथ खड़ी है। यदि भविष्य में उनका परिवार राजनीति में आना चाहेगा तो पार्टी उन्हें उनकी पसंद की विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का अवसर देने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *