पंजाब में वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी, 11 दिसंबर तक नाम जुड़वाने और गलतियां सुधारने का मौका; ऑनलाइन भी चेक कर सकेंगे नाम
चंडीगढ़: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2027 के तहत राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची जारी कर दी गई है। अब मतदाता इसमें अपना नाम और अन्य जानकारियां चेक कर सकते हैं।
यदि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है या नाम, पता और अन्य विवरण में कोई गलती है तो वह 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज करवा सकता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां सौंपीं। उन्होंने बताया कि दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
घर बैठे ऑनलाइन चेक करें वोटर लिस्ट में अपना नाम
मतदाता घर बैठे भी प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांच सकते हैं। इसके लिए दो ऑनलाइन विकल्प उपलब्ध हैं:
- पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट: www.ceopunjab.gov.in
- चुनाव आयोग का मतदाता सेवा पोर्टल: voters.eci.gov.in
इन वेबसाइटों पर जाकर मतदाता अपने नाम और संबंधित विवरण की जांच कर सकते हैं। यदि कोई जानकारी गलत मिलती है या नाम सूची से गायब है तो निर्धारित समय के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज करवाई जा सकती है।
18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवा भी करवा सकते हैं रजिस्ट्रेशन
ऐसे युवा जो 1 जनवरी 2027 को या उससे पहले 18 साल की उम्र पूरी कर रहे हैं, वे भी मतदाता के रूप में पंजीकरण करवा सकते हैं।
इसके लिए पात्र युवाओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरना होगा। इस प्रक्रिया के जरिए नए मतदाताओं को वोटर लिस्ट में शामिल किया जा सकेगा।
सहायता के लिए हेल्प डेस्क और विशेष कैंप लगेंगे
मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ERO) के कार्यालयों में हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। इसके अलावा राज्यभर में विशेष कैंप भी आयोजित किए जाएंगे, जहां लोग मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
किसी भी तरह की जानकारी या मदद के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
ECINET ऐप से BLO के साथ कॉल भी बुक कर सकेंगे
चुनाव आयोग के ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से मतदाताओं को बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ कॉल बुक करने की सुविधा भी दी गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने लोगों से अपील की है कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम और सभी जानकारियां जरूर जांच लें। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

