पाकिस्तान जाने के लिए CM भगवंत मान ने मांगी केंद्र से अनुमति, करतारपुर साहिब जाना चाहते हैं

पाकिस्तान जाने के लिए CM भगवंत मान ने मांगी केंद्र से अनुमति, करतारपुर साहिब के दर्शन के लिए विदेश मंत्रालय को लिखी चिट्ठी

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पाकिस्तान जाने की अनुमति मांगी है। उन्होंने पाकिस्तान स्थित श्री करतारपुर साहिब में माथा टेकने के लिए केंद्रीय विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा है। दिलचस्प बात यह है कि कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा था कि जब उन्हें जापान और फ्रांस जाने की अनुमति नहीं दी जाती, तो पाकिस्तान जाने की मंजूरी कैसे मिलेगी।

विधानसभा में उठाया था पाकिस्तान जाने का मुद्दा

23 अक्टूबर को पंजाब विधानसभा के सत्र के दौरान भगवंत मान ने बताया था कि उन्हें पाकिस्तान के लाहौर में आयोजित होने वाले विश्व पंजाबी सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण मिला है।

उन्होंने कहा था कि भारत और पाकिस्तान के पंजाब की भाषा, संस्कृति, विरासत और जड़ें एक जैसी हैं। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया था कि जब उन्हें फ्रांस और जापान जाने की अनुमति नहीं मिलती, तो पाकिस्तान जाने की मंजूरी कैसे मिलेगी।

विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने भी कहा था कि यदि मुख्यमंत्री को पाकिस्तान जाने की अनुमति मिलती है, तो वह पूरे सदन को साथ लेकर जाएं। मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान के ऐतिहासिक गुरुद्वारों, खासकर श्री करतारपुर साहिब और ननकाना साहिब के दर्शन करने की इच्छा भी जताई थी।

लाहौर के पंजाबी सम्मेलन का मिला था निमंत्रण

25 अक्टूबर को पाकिस्तान की संस्था ‘पंजाबी प्रचार’ की ओर से मुख्यमंत्री भगवंत मान को चौथे अंतरराष्ट्रीय पंजाबी सम्मेलन में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भेजा गया था।

यह सम्मेलन 27 से 29 नवंबर तक लाहौर स्थित पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ लैंग्वेज, आर्ट एंड कल्चर (PILAC) में आयोजित होना है। भगवंत मान को सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

पाकिस्तान के मंत्री ने भी दिया था न्योता

27 अक्टूबर को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा ने भी भगवंत मान को पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया था। रमेश सिंह अरोड़ा पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष भी हैं।

उन्होंने पाकिस्तान की पंजाब विधानसभा में मुख्यमंत्री भगवंत मान का स्वागत करने की इच्छा जताई थी। इसके साथ ही विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां, सभी विधायकों और अन्य प्रतिनिधियों को भी पाकिस्तान आने का न्योता दिया गया था।

उन्होंने श्री करतारपुर साहिब सहित पाकिस्तान में स्थित अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने की पेशकश भी की थी। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज की ओर से भी भगवंत मान का स्वागत किए जाने की बात कही गई थी।

पाकिस्तान ने वीजा आवेदन पर विचार करने की कही थी बात

6 नवंबर को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने कहा था कि यदि मुख्यमंत्री भगवंत मान पाकिस्तान आना चाहते हैं, तो उनकी सरकार वीजा आवेदन पर विचार करेगी। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि भारत सरकार की अनुमति एक अलग मामला है।

करतारपुर कॉरिडोर खोलने के लिए PM मोदी से की थी अपील

16 नवंबर को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर दोबारा खोलने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर सिख संगत को करतारपुर साहिब के दर्शन करने का अवसर मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री के अनुसार, सिख संगत लंबे समय से कॉरिडोर खुलने का इंतजार कर रही है। पंजाब विधानसभा भी पहले करतारपुर कॉरिडोर खोलने के समर्थन में प्रस्ताव पारित कर चुकी है। यह कॉरिडोर 7 मई 2025 से भारतीय श्रद्धालुओं के लिए बंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *