सीएम भगवंत मान बोले- विपक्ष के सत्ता में लौटने के सपने नहीं होंगे पूरे, महिलाओं की योजनाएं रहेंगी जारी
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जालंधर के शाहकोट हलके के नवा पिंड दोनेवाल में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता सत्ता में वापसी के मुंगेरी लाल के सपने देख रहे हैं, लेकिन उनके ये सपने कभी पूरे नहीं होंगे।
मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में महिलाओं और जनकल्याण के लिए शुरू की गई आर्थिक सहायता योजनाएं बंद नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने इन योजनाओं के लिए पैसा सुरक्षित रखा है और 1 दिसंबर को महिलाओं के मोबाइल फोन पर फिर से राशि मिलने का संदेश आएगा।
चन्नी और सुखबीर बादल पर साधा निशाना
अपने संबोधन में भगवंत मान शिरोमणि अकाली दल (बादल) और कांग्रेस नेताओं पर हमलावर नजर आए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की आलोचना करते हुए विपक्ष की नीतियों पर सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी नेता चाहे जितना विरोध कर लें, उनकी सरकार के रहते महिलाओं और जनकल्याण से जुड़ी आर्थिक सहायता योजनाएं बंद नहीं होंगी। उन्होंने दोहराया कि सरकार ने इस राशि को सुरक्षित रखा है और इसमें कोई छेड़छाड़ नहीं कर सकता।
लोक मिलनी में लोगों की समस्याएं सुनीं
नवा पिंड दोनेवाल में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका समाधान करना था। मुख्यमंत्री ने लोगों से बातचीत की और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायतों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, मुफ्त बिजली और रोजगार के क्षेत्र में अपनी सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों का भी जिक्र किया।
नहरी पानी का इस्तेमाल 22 से बढ़कर 85-86 प्रतिशत हुआ: मान
खेती और सिंचाई व्यवस्था पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंजाब में नहरी पानी के इस्तेमाल में बड़ा सुधार हुआ है। उनके अनुसार, पिछली सरकारों के समय प्रदेश में नहरी पानी का केवल 22 प्रतिशत उपयोग होता था, जबकि अब यह बढ़कर 85 से 86 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार इस आंकड़े को 90 प्रतिशत तक ले जाने के लिए काम कर रही है, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त नहरी पानी मिल सके।
राष्ट्रीय पूल में 200 लाख मीट्रिक टन धान के योगदान की उम्मीद
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उम्मीद जताई कि बेहतर सिंचाई सुविधाओं के कारण इस साल पंजाब राष्ट्रीय पूल में करीब 200 लाख मीट्रिक टन धान का योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा पहले लगाए गए 180 लाख मीट्रिक टन के अनुमान से अधिक होगा।

