CBSE ने घटाया 9वीं-10वीं का पढ़ाई का बोझ, नए सत्र से पाठ्यक्रम में होंगे बदलाव; जानें क्या हटाया गया
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 9वीं और 10वीं के पाठ्यक्रम में बदलाव किया है। बोर्ड के नए फैसले के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को कुछ प्रस्तावित मॉड्यूल नहीं पढ़ने होंगे। इससे विद्यार्थियों को अतिरिक्त पाठ्यक्रम के बोझ से राहत मिलने की उम्मीद है।
नई व्यवस्था के अनुसार, 9वीं कक्षा के पाठ्यक्रम से ‘इंडिविजुअल्स इन सोसाइटी’, ‘कम्प्यूटेशनल थिंकिंग’ और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े प्रस्तावित मॉड्यूल हटाए गए हैं। इसके अलावा, यही विद्यार्थी जब शैक्षणिक सत्र 2027-28 में 10वीं कक्षा में पहुंचेंगे, तो उनके पाठ्यक्रम में एनवायरनमेंटल एजुकेशन भी शामिल नहीं होगी।
9वीं के पाठ्यक्रम में क्या बदला?
CBSE ने 2026-27 सत्र की 9वीं कक्षा के लिए प्रस्तावित तीन मॉड्यूल लागू नहीं करने का फैसला किया है। इनमें इंडिविजुअल्स इन सोसाइटी, कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और AI से संबंधित मॉड्यूल शामिल हैं।
बोर्ड का यह फैसला संबंधित बैच के विद्यार्थियों पर लागू होगा। हालांकि, शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 10वीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थियों के मौजूदा पाठ्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कौशल विषयों के लिए नहीं होगी बोर्ड परीक्षा
CBSE की नई व्यवस्था के तहत कौशल विकास से जुड़े विषयों के लिए विद्यार्थियों को अलग से बोर्ड परीक्षा नहीं देनी होगी। इन विषयों का अतिरिक्त मूल्यांकन स्कूल स्तर पर किया जाएगा।
इस मूल्यांकन में कम से कम 33 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को संबंधित स्कूल की ओर से प्रमाण पत्र दिया जाएगा। वहीं, 22 कौशल विषयों में से किसी एक का चयन करने वाले विद्यार्थियों के अंक और ग्रेड बोर्ड की ओर से जारी अंकपत्र में दर्ज किए जाएंगे।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस बदलाव का मतलब AI की पढ़ाई को पूरी तरह समाप्त करना नहीं है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस जैसे विषय कौशल आधारित व्यावसायिक शिक्षा के विकल्पों में उपलब्ध रहेंगे। विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार इनका चयन कर सकते हैं।
10वीं की बोर्ड परीक्षा में पांच विषय अनिवार्य
नई व्यवस्था के अनुसार, कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में पांच विषय अनिवार्य होंगे। इनमें दो भाषाएं, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान शामिल हैं।
इसके अलावा विद्यार्थियों को कला शिक्षा, शारीरिक शिक्षा और व्यावसायिक शिक्षा जैसे पाठ्यक्रम क्षेत्रों का अध्ययन भी करना होगा। व्यावसायिक शिक्षा के तहत 22 कौशल विषयों में से अपनी पसंद का विकल्प चुना जा सकेगा।
तीसरी भाषा, कला शिक्षा तथा शारीरिक शिक्षा एवं कल्याण का मूल्यांकन स्कूल स्तर पर किया जाएगा।

