मोहाली में 2 साल के बच्चे की हत्या का खुलासा, गांव की महिला गिरफ्तार; गर्भपात के बाद से थी नाराज
मोहाली के लालड़ू क्षेत्र के बल्लोपुर गांव में दो साल के बच्चे गुरसांझ की हत्या के मामले में पुलिस ने गांव की ही रहने वाली महिला सोनिका को गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, कुछ दिन पहले गर्भपात होने के बाद महिला मानसिक रूप से परेशान और गुस्से में थी। आरोप है कि बच्चे को घर के बाहर हंसता-खेलता देखकर वह बर्दाश्त नहीं कर पाई और उसे अपने साथ ले जाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस का दावा है कि आरोपी ने वारदात के बाद बच्चे का शव पहले अपने घर के एक कमरे में रखा और फिर पड़ोसी के मकान की छत पर छोड़ दिया, ताकि शक उस परिवार पर जाए, जिसके साथ बच्चे के परिजनों का पहले से मनमुटाव था। पुलिस ने आरोपी के घर से कंबल, चादर और बच्चे के बाल बरामद होने की बात कही है। मामले में फॉरेंसिक और डीएनए जांच कराई जा रही है।
14 नवंबर को घर के बाहर खेलते समय लापता हुआ था बच्चा
बल्लोपुर गांव निवासी गुरविंदर सिंह का दो साल का बेटा गुरसांझ 14 नवंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे घर के बाहर गली में खेल रहा था। कुछ देर बाद जब उसके दादा बहादुर सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे आसपास तलाश किया तो वह नहीं मिला।
परिजनों ने गांव की गलियों, आसपास के घरों और खेतों में बच्चे की तलाश की। रिश्तेदारों से भी संपर्क किया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शाम तक बच्चे का सुराग नहीं मिलने पर परिवार ने लालड़ू थाने में लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए तीन विशेष टीमें गठित कीं। गांव और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन रातभर तलाश के बावजूद बच्चा नहीं मिला।
करीब 20 घंटे बाद पड़ोसी की छत पर मिला शव
15 नवंबर की सुबह गुरसांझ का शव घर से करीब चार-पांच मकान दूर पड़ोसी राजबीर सिंह के घर की टिन की छत पर मिला। परिवार और मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, बच्चे के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान थे।
शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने शव को पड़ोसी के मकान की छत पर इसलिए रखा, ताकि संदेह उस परिवार पर जाए, जिसके साथ बच्चे के परिवार का पहले से विवाद था।
कमरे से कंबल, चादर और बाल मिलने का दावा
पुलिस ने जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम और CIA स्टाफ की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(1) के तहत अपहरण और धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेराबस्सी सिविल अस्पताल भेजा गया था। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया था और विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी।
पुलिस ने जांच के आधार पर 19 नवंबर को सोनिका को गिरफ्तार किया। SSP वरुण शर्मा के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में महिला ने बच्चे को अपने घर ले जाने और उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जिस मकान में रहती है, उसमें दो कमरे हैं। एक कमरे में वह अपने पति के साथ रहती थी, जबकि दूसरा कमरा मकान मालिक के परिवार का था। मकान मालिक की पत्नी की मौत के बाद उस कमरे पर ताला लगा दिया गया था और उसकी चाबी सोनिका को दे दी गई थी।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच के दौरान कमरे में बच्चे का शव नहीं मिला था। अब आरोपी के घर से कंबल, चादर और बच्चे के बाल मिलने की बात सामने आई है। इन वस्तुओं को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
पति की भूमिका नहीं आई सामने, नरबलि के एंगल से भी जांच
पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में आरोपी महिला के पति की भूमिका सामने नहीं आई है। वह रात करीब 9 बजे ड्यूटी से घर लौटता था। पुलिस का कहना है कि वारदात के समय वह ड्यूटी पर था और उस समय तक बच्चे की हत्या हो चुकी थी। आरोप है कि महिला ने पति के सो जाने के बाद छत पर जाकर शव रखा।
जांच के तहत आरोपी के नाखूनों और अन्य जरूरी नमूनों के सैंपल लिए गए हैं। डीएनए जांच के लिए भी नमूने जुटाए गए हैं। पुलिस मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों की जांच कर रही है और आरोपी से आगे पूछताछ जारी है।
बच्चे की नरबलि दिए जाने की आशंका को लेकर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक इस दावे की पुष्टि करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है। हालांकि, जांच में सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने नहीं आई है, लेकिन जांच पूरी होने से पहले इससे इनकार भी नहीं किया जा सकता।

