CM योगी ने गोरखपुर में एक बार फिर से सांसद रविकिशन की चुटकी ली। कहा- रविकिशन ने अपने घर के पास जगह नहीं छोड़ी कि आप लोगों को खिलाने के लिए बुला सकें। रविकिशन जी के पास पैसा है। वह 12-15 लाख रुपए खर्च कर सकते हैं।
जिस गरीब के पास पैसा नहीं है, वह कैसे खर्च करेगा? इसीलिए हमने कल्याण मंडपम में ये सब व्यवस्था दी है। हम सरकार की ओर से सामूहिक विवाह में 1 लाख रुपए देते हैं। ऐसे ही मांगलिक कार्यक्रम के लिए 11 हजार या 25 हजार में इतना बड़ा मंडपम दे रहे हैं। योगी ने ये बातें सूरजकुंड में कल्याण मंडपम का उद्घाटन के दौरान कहीं। उस समय मंच पर सांसद रविकिशन भी मौजूद थे।
योगी बोले- सरकार कमाई के हिसाब से सबका ध्यान रख रही योगी ने कहा- किसी भी सभ्य समाज के लिए उसकी जरूरत के हिसाब से संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। सुविधाओं को जितना सरल बनाएंगे, उतनी ही परेशानी दूर होगी। आज कमाई के हिसाब से अलग-अलग तबके के लोगों के लिए हम सुविधाओं को आसान बना रहे हैं।
5 मंडपम अभी बन रहे, गोरखपुर में ऐसे 7 मंडपम होंगे
योगी ने कहा- गोरखपुर नगर निगम प्रदेश का पहला निगम है, जिसने यह पहल शुरू की। गोरखपुर में यह 7वां कल्याण मंडपम है। इसमें से एक मंडपम का पहले उद्घाटन हो चुका है। एक मंडपम का उद्घाटन आज हो रहा है। 5 मंडपम अभी बन रहे हैं। मैंने तो अपनी निधि का पूरा पैसा इसी तरह के कल्याण मंडपम के लिए दिया है।
बेटी उचक्कों से, व्यापारी चोर-लुटेरों से बच सके
स्मार्ट सिटी को सेफ सिटी में बदलना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। जहां हर व्यक्ति अपने आपको सेफ समझ सके। बेटी उचक्कों से, व्यापारी चोर-लुटेरों से खुद को सुरक्षित महसूस करे। जो भी उनकी सुरक्षा में सेंध लगाए उसे पता होना चाहिए कि उसके साथ क्या होगा।
रविकिशन बोले- सपा सरकार में रामगढ़ ताल के पास हत्या होती थी
योगी से पहले कार्यक्रम को सांसद रविकिशन ने संबोधित किया। उन्होंने कहा- सपा सरकार में रामगढ़ ताल के पास जहां लोग हत्या करते थे, बहन-बेटियों को छेड़ते थे। उस जगह पर महाराज जी (योगी) ने आज रोजगार की व्यवस्था कर दी है। CCTV से लैस है। किसी की हिम्मत नहीं कि बहन-बेटियों को छेड़ सके।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने उद्घाटन से एक दिन पहले गुरुवार को मंडपम का निरीक्षण किया। मंडपम मिलने से सूरजकुंड क्षेत्र के 10 वार्डों की लगभग दो लाख आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। लोगों को अब निजी आयोजनों के लिए महंगी जगहों पर बुकिंग नहीं करनी पड़ेगी।