गुरुग्राम नगर निगम चुनाव: बीजेपी और कांग्रेस के बड़े नेताओं का प्रचार अभियान जारी ,मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी हो सकती हैं शामिल।

गुरुग्राम में नगर निगम चुनाव का प्रचार अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही अपनी प्रमुख हस्तियों को मैदान में उतार चुकी हैं। बीजेपी प्रत्याशी राजरानी मल्होत्रा के समर्थन में मुख्यमंत्री नायब सैनी रोड शो कर चुके हैं, वहीं कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने गुरुग्राम में पार्टी का घोषणा पत्र जारी कर एक सभा को संबोधित किया। गुरुवार को भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर गुरुग्राम और मानेसर के नगर निगम प्रत्याशियों के समर्थन में अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित करेंगे। बीजेपी नेताओं का दावा है कि वे लगातार तीसरी बार अपना मेयर जीतने में सफल होंगे।

दिल्ली की मुख्यमंत्री भी हो सकती है प्रचार में शामिल।

बीजेपी के स्थानीय नेताओं ने नगर निगम चुनाव के प्रचार के लिए दिल्ली की नवनियुक्त मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मदद की अपील की है। रेखा गुप्ता वैश्य समुदाय से ताल्लुक रखती हैं और मूल रूप से हरियाणा की निवासी हैं। गुरुग्राम में वैश्य समुदाय की बड़ी आबादी है, और माना जाता है कि जिस पार्टी को इस समुदाय और पंजाबी समुदाय का समर्थन मिलता है, उसकी जीत लगभग तय मानी जाती है। हालांकि, दिल्ली की मुख्यमंत्री के प्रचार में शामिल होने की तारीख अभी तय नहीं की गई है।

भाजपा और कांग्रेस के बड़े नेता कर रहे प्रचार।

बीजेपी ने शहरी निकाय चुनाव में अपने उम्मीदवारों को जिताने की जिम्मेदारी पार्टी के बड़े नेताओं को सौंप दी है। इनमें मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, राव नरबीर सिंह, आरती राव, गौरव गौतम और अन्य प्रमुख नेता जनसभाएं कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा, पूर्व मंत्री और पार्टी के अन्य पदाधिकारी शहरी निकाय चुनाव में जीत दिलाने के लिए प्रचार में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *