पंजाब से आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा कैंडिडेट राजिंदर गुप्ता ने नामांकन भर दिया है। इस दौरान CM भगवंत मान और राज्यसभा छोड़कर मंत्री बने संजीव अरोड़ा भी उनके साथ मौजूद रहे।
इस मौके पर सीएम भगवंत मान ने राजिंदर गुप्ता के कारोबारी और समाज सेवी कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गुप्ता पंजाब की आवाज राज्यसभा में जरूर उठाएंगे।
पंजाब विधानसभा में बहुमत को देखते हुए राजिंदर गुप्ता का जीतना तय है। पंजाब में AAP से अशोक मित्तल, संजीव अरोड़ा और विक्रमजीत साहनी के बाद राज्यसभा जाने वाले वह चौथे कारोबारी होंगे।
पंजाब में राज्यसभा चुनाव के नामांकन की आखिरी तारीख 13 अक्टूबर है। 14 अक्टूबर को स्क्रूटनी के बाद 16 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 24 अक्टूबर को वोटिंग और इसी दिन शाम को काउंटिंग होगी।
विपक्षी दल कांग्रेस, SAD और भाजपा ने अभी तक कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है, न ही चुनाव लड़ने को लेकर कोई फैसला लिया है।
पंजाब से अभी 6 राज्यसभा मेंबर, सभी AAP के, गुप्ता की जीत तय पंजाब से इस समय राज्यसभा से 6 मेंबर हैं। ये सभी AAP के ही नेता हैं। इनमें कारोबारी विक्रमजीत सिंह साहनी, संत बलबीर सिंह सीचेवाल, AAP के नेता राघव चड्ढा और संदीप पाठक, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह व लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के चांसलर व उद्योगपति अशोक मित्तल शामिल हैं।
इस चुनाव में AAP की जीत तय है। इस समय पंजाब में 117 विधायकों में से 93 विधायक आम आदमी पार्टी के हैं। वहीं, शिरोमणि अकाली दल (SAD) के 3, कांग्रेस के 16, भाजपा के 2, बहुजन समाज पार्टी के पास एक और एक आजाद विधायक है। एक सीट अभी तरनतारन की खाली पड़ी हुई है।
कौन है राजिंदर गुप्ता, जिन्हें पंजाब का अंबानी कहा जाता…
- पंजाब के सबसे अमीर इंडस्ट्रियलिस्ट : राजिंदर गुप्ता पंजाब के सबसे अमीर उद्योगपतियों में से एक हैं। ट्राइडेंट ग्रुप की ओर से बनाए जाने वाले उत्पाद आज देश के अलावा विदेश में भी जा रहे हैं। ट्राइडेंट ग्रुप की यूनिट लुधियाना, बरनाला, धौला में स्थित हैं। लुधियाना में कंपनी का कॉर्पोरेट ऑफिस है, जबकि बरनाला, धौला और मध्य प्रदेश के बुदनी, भोपाल में कंपनी द्वारा उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। कंपनी की चंडीगढ़, दिल्ली, यूपी, राजस्थान समेत विदेश में शाखाएं हैं।
- कंपनी का 5 हजार करोड़ का टर्नओवर : ट्राइडेंट कंपनी का सालाना टर्नओवर 5 हजार करोड़ रुपए से भी ऊपर का है। राजिंदर गुप्ता को पंजाब का धीरूभाई अंबानी भी कहा जाता है। कंपनी टॉवेल, बेडशीट और कॉटन पेपर बनाती है। ट्राइडेंट में तैयार हो रहे उत्पाद आज देश के अलावा विदेश में एक्सपोर्ट हो रहे हैं। हाल ही में USA में भी कंपनी ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई थी, जहां विदेशी ग्राहकों ने उत्पादों की सराहना की थी।
- उद्योगपति के साथ समाजसेवी भी हैं गुप्ता : राजिंदर गुप्ता मशहूर उद्योगपति तो हैं ही, उसके साथ-साथ समाजसेवी भी हैं। वह कई धार्मिक और समाजसेवी संगठनों को दान देते हैं। कोरोना काल में भी ट्राइडेंट की तरफ से देश में लाखों PPT किटें और मास्क तैयार कर मुफ्त बांटे गए थे। इसके अलावा वे श्री काली माता मंदिर प्रबंधक कमेटी के चेयरमैन थे। इसके पद से भी उन्होंने इस्तीफा दे दिया है।
- पिता-पुत्र मिलकर संभाल रहे बिजनेस : ट्राइडेंट के मालिक राजिंदर गुप्ता और उनका बेटा अभिषेक गुप्ता मिलकर बिजनेस को संभाल रहे हैं। अभिषेक कंपनी में प्रबंध निदेशक के पद हैं। वह ब्रिटेन के वारविक विश्वविद्यालय से स्नातक हैं। राजिंदर गुप्ता की एक बेटी नेहा गुप्ता है, जिसने लंदन के कैस बिजनेस स्कूल से फाइनेंस में ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त की है।
9 महीने टाइम मैगजीन ने चुना था पर्सन ऑफ द ईयर करीब नौ महीने पहले कारोबारी राजिंदर गुप्ता और उनके ट्राइडेंट समूह को अंतर्राष्ट्रीय टाइम मैगजीन के दिसंबर 2024 (पर्सन ऑफ द ईयर) संस्करण में शामिल किया गया था। टाइम के प्रधान संपादक सैम जैकब्स के अनुसार, ट्राइडेंट ग्रुप एक डायवर्सिफाइड वैश्विक समूह है, जिसकी टेक्सटाइल (यार्न, बाथ और बेड लिनन) पेपर (गेहूं के भूसे पर आधारित) और केमिकल क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपस्थिति है।
ट्राइडेंट ग्रुप एक वैश्विक टेक्सटाइल पावर हाउस के रूप में उभरा है, आज जिनका 61% उत्पादन प्रमुख अंतरराष्ट्रीय रिटेल विक्रेताओं को निर्यात किया जाता है।