न्यूजीलैंड में दूसरी बार सिख नगर कीर्तन का विरोध: कीवी ग्रुप ने किया हाका प्रदर्शन, 31 जनवरी को बड़े आंदोलन की चेतावनी

न्यूजीलैंड में फिर सिख नगर कीर्तन का विरोध, कीवी ग्रुप का हाका प्रदर्शन, 31 जनवरी को बड़े आंदोलन की चेतावनी

जालंधर | Punjabi Doordarshan
न्यूजीलैंड में सिख समुदाय द्वारा निकाले गए नगर कीर्तन के खिलाफ एक बार फिर विरोध देखने को मिला है। यह घटना बीते 20 दिनों में दूसरी बार हुई है। हालांकि इस बार नगर कीर्तन को रोका नहीं गया, लेकिन डेस्टिनी चर्च से जुड़े ब्रायन टमाकी समूह ने सड़कों पर उतरकर पारंपरिक हाका नृत्य के जरिए विरोध जताया।

“ये हमारी गलियां हैं” के नारे

रविवार सुबह टौरंगा शहर में जब सिख समुदाय शांतिपूर्ण ढंग से नगर कीर्तन निकाल रहा था, उसी दौरान एक पार्क में एकत्र होकर टमाकी और उनके समर्थकों ने हाका प्रदर्शन किया और नारे लगाए —
“हूज स्ट्रीट्स? आवर स्ट्रीट्स! कीवी स्ट्रीट्स!”
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर कीर्तन के दौरान तलवारें और धार्मिक प्रतीक लहराए गए, जो सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा हैं।

ट्रू पैट्रियोट्स ग्रुप का घोषणापत्र

विरोध करने वाले ‘ट्रू पैट्रियोट्स’ समूह ने न्यूजीलैंड सरकार को घोषणापत्र सौंपते हुए कहा कि वे देश की संस्कृति, झंडे, विश्वास और भविष्य की रक्षा करेंगे।
समूह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो 31 जनवरी को ऑकलैंड हार्बर ब्रिज पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

सिख समुदाय ने शांति बनाए रखी

हाका प्रदर्शन के बावजूद सिख समुदाय ने शांतिपूर्वक नगर कीर्तन जारी रखा और “वाहेगुरु जी का खालसा, श्री वाहेगुरु जी की फतेह” के जयकारे लगाए।

20 दिन पहले भी हुआ था विरोध

करीब 20 दिन पहले साउथ ऑकलैंड के मनुरेवा इलाके में भी नगर कीर्तन का विरोध किया गया था, जहां प्रदर्शनकारियों ने रास्ता रोक दिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली थी।

CM भगवंत मान की अपील

इस मामले पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि हर व्यक्ति को अपने धर्म का पालन करने और प्रचार करने का अधिकार है और केंद्र सरकार को इस मामले में न्यूजीलैंड सरकार से बातचीत करनी चाहिए।

उन्होंने कहा,
“हमारी कौम शांति पसंद है और न्यूजीलैंड के विकास में सिख समुदाय का बड़ा योगदान है।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *