पंजाब-चंडीगढ़ में मौसम का कहर: 4 जिलों में ओलावृष्टि, 2 फ्लाइट रद्द; ट्राईसिटी में 3 घंटे का अलर्ट

पंजाब-चंडीगढ़ में मौसम का कहर: 4 जिलों में ओलावृष्टि, 2 फ्लाइट रद्द; ट्राईसिटी में 3 घंटे का अलर्ट

मोहाली | Punjabi Doordarshan

पंजाब और चंडीगढ़ में सोमवार (27 जनवरी) को मौसम ने अचानक करवट ले ली। चंडीगढ़ के साथ-साथ अमृतसर, मोहाली, मानसा, लुधियाना और जालंधर में तेज बारिश दर्ज की गई। वहीं लुधियाना, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और संगरूर में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई, जिससे ठंड और बढ़ गई।

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने शाम पौने 8 बजे तक ट्राईसिटी—चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली—के लिए तेज बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया। अलर्ट के बाद इन इलाकों में मौसम तेजी से बिगड़ गया और कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।

40–50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग ने पूरे दिन के लिए पंजाब में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों को पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर 2 फ्लाइट कैंसिल

मौसम खराब होने का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। चंडीगढ़ एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार श्रीनगर से चंडीगढ़ आने-जाने वाली दो फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया है। यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह दी गई है।

हिमाचल में भारी बर्फबारी की चेतावनी

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में भी भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर में अगले छह घंटों तक भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। शिमला में मौसम बिगड़ गया है, जबकि किन्नौर और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी शुरू हो चुकी है। मनाली में एहतियातन स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *