चंडीगढ़ में कारोबारी ने निकाला फ्री iPhone का ड्रॉ, 10 महिलाओं के घर भेजे जाएंगे मोबाइल
चंडीगढ़: चंडीगढ़ में प्रशासन की रोक के बीच कारोबारी राकेश त्रेहन ने फ्री iPhone बांटने के लिए ड्रॉ निकाला। सेक्टर-10 स्थित अपने आवास पर मीडिया की मौजूदगी में WhatsApp ग्रुप के सदस्यों के नामों का ड्रॉ किया गया।
कारोबारी के मुताबिक, ड्रॉ में चंडीगढ़ और मोहाली की 18 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को शामिल किया गया था। कुल 15 नाम ड्रॉ के जरिए चुने गए, जिनमें से 10 महिलाओं के घर iPhone भेजने की बात कही गई है।
प्रशासन ने लगाई थी भीड़ जुटाने पर रोक
इससे पहले प्रशासन की ओर से कारोबारी को कार्यक्रम के दौरान भीड़ इकट्ठा नहीं करने की हिदायत दी गई थी। इसके बाद त्रेहन ने कहा था कि iPhone ड्रॉ में आम लोगों को उनके घर नहीं बुलाया जाएगा और केवल मीडिया की मौजूदगी में प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने लोगों से भी अपील की थी कि वे ड्रॉ के दौरान उनके घर के बाहर भीड़ न लगाएं।
ड्रॉ का समय दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच रखा गया था। इस दौरान WhatsApp ग्रुप के सदस्यों के नाम स्क्रीन पर स्क्रॉल किए गए और जिस नाम पर स्क्रीन रुकती गई, उसे ड्रॉ में चयनित माना गया।
महिलाओं के लिए बनाया WhatsApp ग्रुप
राकेश त्रेहन के अनुसार, उन्होंने चंडीगढ़ और मोहाली की 18 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए एक WhatsApp ग्रुप बनाया है। ग्रुप में शामिल सदस्यों के लिए रोजाना ‘जय माता दी’ लिखने की शर्त रखी गई है।
उनके मुताबिक, जो सदस्य निर्धारित गतिविधि में हिस्सा नहीं लेता, उसे ग्रुप से हटाया जा सकता है।
15 नाम निकाले, 10 को iPhone देने का दावा
मीडिया के सामने हुई ड्रॉ प्रक्रिया में WhatsApp ग्रुप से 15 महिलाओं के नाम चुने गए। कारोबारी ने बताया कि इनमें से 10 महिलाओं के घर iPhone भेजे जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि विजेताओं को मोबाइल लेने के लिए उनके घर आने की जरूरत नहीं होगी और चयनित महिलाओं तक फोन पहुंचाया जाएगा।
पहले पेट्रोल के ‘लंगर’ को लेकर भी चर्चा में रहे
राकेश त्रेहन इससे पहले पेट्रोल बांटने के आयोजन को लेकर भी चर्चा में आए थे। उस दौरान बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने उन्हें हिरासत में लिया था।
प्रशासन की चिंता मुख्य रूप से कार्यक्रम स्थल पर जुटने वाली भीड़ और उससे पैदा होने वाली कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर थी।
इस बार कारोबारी ने प्रशासन की रोक को ध्यान में रखते हुए लोगों को अपने घर न आने की अपील की और मीडिया की मौजूदगी में ड्रॉ की प्रक्रिया पूरी की।

