Punjabi Doordarshan | जालंधर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पंजाब के जालंधर दौरे पर रहेंगे। गुरु रविदास जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री डेरा सचखंड बल्लां पहुंचकर माथा टेकेंगे और संगत के साथ पंगत में लंगर छकेंगे। यह दौरा धार्मिक, सामाजिक और विकास—तीनों दृष्टियों से बेहद अहम माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री दोपहर करीब 3:45 बजे जालंधर के आदमपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे, जहां पंजाब भाजपा की लीडरशिप उनका स्वागत करेगी। इसके बाद वे हेलिकॉप्टर से पठानकोट नेशनल हाईवे स्थित डेरा सचखंड बल्लां जाएंगे और वहां लगभग 40 मिनट रुकेंगे।
डेरा सचखंड बल्लां में गुरु रविदास जयंती कार्यक्रम
प्रधानमंत्री डेरा सचखंड बल्लां पहुंचकर गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती पर पंजाब व देशवासियों को शुभकामनाएं देंगे। वे संतों का आशीर्वाद लेंगे और गुरु रविदास के समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय के संदेश को देशभर में पहुंचाएंगे।
इस दौरान पीएम संगत से संवाद करेंगे और लंगर में शामिल होकर सामाजिक समरसता का संदेश देंगे।
पंजाब को मिलेंगी 2 बड़ी विकास सौगात
प्रधानमंत्री मोदी अपने इस दौरे में पंजाब को दो अहम सौगातें देने जा रहे हैं—
1️⃣ आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलेगा
जालंधर स्थित आदमपुर एयरपोर्ट का नाम अब “श्री गुरु रविदास महाराज एयरपोर्ट, आदमपुर” रखा जाएगा। यह मांग लंबे समय से स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों की ओर से की जा रही थी।
2️⃣ हलवारा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन
प्रधानमंत्री लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट पर बने नए टर्मिनल का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इससे पंजाब के उद्योग, व्यापार और रोजगार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
संत निरंजन दास से विशेष मुलाकात
प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास से बंद कमरे में लगभग 10 मिनट की एकांत मुलाकात करेंगे।
केंद्र सरकार पहले ही 26 जनवरी को उनके सामाजिक योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान की घोषणा कर चुकी है।
CM भगवंत मान के भी पहुंचने की संभावना
PIB द्वारा जारी सूचना के अनुसार, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। हालांकि इसे लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
BJP नेताओं से करेंगे राजनीतिक बैठक
धार्मिक और विकास कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
बैठक में मुख्य रूप से—
- पंजाब की कानून व्यवस्था
- किसानों से जुड़े मुद्दे
- सामाजिक स्थिति
- 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति
जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
पंजाब भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा राजनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक और सामाजिक जुड़ाव से जुड़ा हुआ है।

