मुक्तसर में नौकरानी की साजिश: मालकिन को नशीली चाय पिलाकर ₹5 लाख नकद और 3 तोले सोना लेकर फरार

मुक्तसर / बठिंडा:
मुक्तसर जिले में घरेलू नौकरानी द्वारा की गई सुनियोजित चोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक नौकरानी ने घर की मालकिन को नशीली चाय पिलाकर बेहोश किया और अपने दो साथियों को बुलाकर ₹5 लाख नकद और करीब 3 तोले सोना लेकर फरार हो गई। पूरी वारदात को लगभग आधे घंटे में अंजाम दिया गया।

यह घटना मलोट क्षेत्र की बिरला कॉलोनी की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

CCTV में कैद हुई पूरी साजिश

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी नौकरानी अपने एक साथी के साथ स्कूटी पर फरार होती हुई नजर आ रही है। हैरानी की बात यह है कि जिस स्कूटी का इस्तेमाल किया गया, वह घर के मालिक की ही बताई जा रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।

नशीली चाय पिलाकर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, घर में आढ़ती विनोद जग्गा और उनकी पत्नी रहते हैं। घटना के दिन विनोद जग्गा काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। दोपहर बाद नौकरानी की एक सहेली घर आई। इसी दौरान नौकरानी ने मालकिन और सहेली के लिए चाय बनाई।

चाय पीने के कुछ देर बाद दोनों महिलाएं बेहोश हो गईं। इसके बाद दो युवक घर के अंदर दाखिल हुए और नकदी व सोने से भरा बैग लेकर बाहर निकल गए। कुछ समय बाद मालकिन को होश आया तो घर का सामान बिखरा मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

10 दिन पहले रखी गई थी काम पर

घर के मालिक के अनुसार, नौकरानी को करीब 10 दिन पहले सफाई के काम के लिए रखा गया था। पहचान से जुड़े दस्तावेज मांगे गए थे, लेकिन उसने बाद में देने की बात कही और कोई कागजात जमा नहीं कराए। घटना के बाद उसका मोबाइल नंबर भी बंद मिला, जो घर का ही बताया जा रहा है।

पुलिस की अपील

थाना सिटी मलोट के एसएचओ हरप्रीत सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।

उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि घरेलू नौकर या सहायक रखने से पहले पुलिस वेरिफिकेशन और पहचान पत्र की जांच जरूर कराएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *