अमृतसर:
पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत कस्टम विभाग को एक बड़ी कामयाबी मिली है। कस्टम अमृतसर की टीम ने श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर एक अंतरराष्ट्रीय यात्री के पास से 1 किलो 640 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.64 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
बैंकॉक से आया था यात्री
जानकारी के अनुसार, आरोपी यात्री बैंकॉक से फ्लाइट नंबर SL-214 के जरिए अमृतसर पहुंचा था। एयरपोर्ट पर स्पॉट प्रोफाइलिंग और बैगेज स्क्रीनिंग के दौरान कस्टम अधिकारियों को उसके हाव-भाव और गतिविधियों पर शक हुआ।
बैग की तलाशी में खुला राज
शक के आधार पर जब यात्री के सामान की गहन जांच की गई, तो उसके बैग के अंदर छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। इसके बाद कस्टम अधिकारियों ने तुरंत यात्री को हिरासत में ले लिया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
कस्टम विभाग ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है और गांजा किसे सप्लाई किया जाना था।
नशे के नेटवर्क पर कड़ी निगरानी
कस्टम और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने साफ किया है कि पंजाब में नशे की तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर निगरानी और सख्त की गई है ताकि तस्करों के मंसूबों को नाकाम किया जा सके।
प्रशासन की अपील
सुरक्षा एजेंसियों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें, ताकि नशे के खिलाफ इस लड़ाई को और मजबूत किया जा सके।

