Punjabi Doordarshan | Crime Report
तरनतारन में नवविवाहिता पर फायरिंग के मामले में पुलिस जांच के दौरान बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सामने आया है कि यह वारदात किसी पुरानी रंजिश या लूट की नहीं, बल्कि एकतरफा प्यार और शादी से उपजे गुस्से का नतीजा थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक युवती से विवाह करना चाहता था, लेकिन करीब दो महीने पहले परिवार ने उसकी शादी किसी अन्य युवक से कर दी। इसी बात से नाराज़ होकर आरोपी युवक रंजिश पाल रहा था और मौके की तलाश में था।
शादी के बाद भी नहीं छोड़ा पीछा
जांच में सामने आया है कि शादी के बाद आरोपी युवक नवविवाहिता के घर भी पहुंचा था। वहां उसने युवती की मां से बहस की और शादी कहीं और करने पर नाराज़गी जताई। जब लड़की की मां आरोपी के घर समझाने पहुंची, तो वहां भी विवाद हुआ। आरोप है कि आरोपी की मां ने बेटे को रोकने के बजाय उल्टा लड़की की मां से ही सवाल-जवाब किए।
दवाई लेने जाते समय हमला
पुलिस के अनुसार, 21 फरवरी को नवविवाहिता रूबी मेहरा अपने पति के साथ दवाई लेने जा रही थी। इसी दौरान एक्टिवा पर सवार आरोपी युवक ने पहले पति के साथ मारपीट की। जब रूबी ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने उसे धक्का दिया और फिर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
फायरिंग में रूबी मेहरा को तीन गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उसे अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह अब तक बेहोश है।
CCTV फुटेज आया सामने
इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक फायरिंग करता साफ नजर आ रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
पीड़िता के पति अंश ग्रोवर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक करण और उसकी मां जसबीर कौर के खिलाफ
BNS की धाराएं 109, 61(2), 127(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है।
फिलहाल आरोपी फरार हैं और पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

