Breaking News | Punjabi Doordarshan
पंजाब के तरनतारन जिले से बड़ी खबर सामने आई है। आम आदमी पार्टी के सरपंच हरबरिंदर सिंह की हत्या के मामले में Punjab Police ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को एनकाउंटर में घायल कर दिया है।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपी घायल हुए हैं, जिन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्तौल भी बरामद की गई हैं।
कहां और कैसे हुआ एनकाउंटर
पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ गांव जलोके (कोट बुद्धा के नजदीक) हथाड़ इलाके में हुई। आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने इलाके को घेर लिया।
खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इसी दौरान दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए।
क्या था पूरा मामला
गौरतलब है कि बीते बुधवार को सिद्धू फार्म में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान आम आदमी पार्टी के सरपंच हरबरिंदर सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इस सनसनीखेज हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर सघन अभियान शुरू किया था।
पुलिस की अगली कार्रवाई
- एक आरोपी तरनतारन जिले का निवासी बताया जा रहा है
- दूसरा आरोपी पड़ोसी जिले से संबंधित है
- थाना सदर पट्टी में एनकाउंटर को लेकर नया मामला दर्ज
- फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए
- जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद हत्या की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों का भी जल्द खुलासा किया जाएगा।

