Punjabi Doordarshan | गुरदासपुर डेस्क
गुरदासपुर:
गुरदासपुर में दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। नगर सुधार ट्रस्ट की स्कीम नंबर-5 में स्थित एक ज्वैलर के घर में निहंग के भेष में आए बदमाशों ने घुसकर परिवार को बंधक बना लिया और करीब 3 करोड़ रुपये की नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए।
सुबह 8 बजे घर में घुसे बदमाश
मिली जानकारी के अनुसार, ज्वैलर वरुण कुमार के घर सुबह करीब 8 बजे 5 से 6 बदमाश पहुंचे। सभी आरोपी निहंग बाने में थे। उस समय घर के बाहर ड्राइवर कार धो रहा था। आरोपियों ने उससे मालिक के बारे में पूछा और उसके साथ घर के अंदर पहुंच गए।
पिस्तौल के बल पर परिवार को बनाया बंधक
घर के अंदर घुसते ही बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर पूरे परिवार को काबू में कर लिया। इसके बाद सभी सदस्यों को रस्सियों से बांध दिया गया और उनके मुंह पर टेप लगा दी गई, ताकि कोई शोर न मचा सके।
कैश और जेवर लेकर फरार
बदमाश घर में रखी तिजोरी से नकदी और भारी मात्रा में जेवरात लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि लूट की कुल राशि लगभग 3 करोड़ रुपये के आसपास हो सकती है। आरोपी घर से ज्वैलर की कार में ही सवार होकर फरार हुए और जाते समय घर के CCTV कैमरों का DVR भी साथ ले गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
परिवार दहशत में
घटना के बाद ज्वैलर का परिवार पूरी तरह सहमा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी।

