ऑस्ट्रेलिया में पंजाबी युवक गिरफ्तार, 1 करोड़ की चोरी के नेटवर्क का मास्टरमाइंड निकला

पंजाबी दूरदर्शन | विशेष रिपोर्ट

पंजाब डेस्क: ऑस्ट्रेलिया से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पंजाबी युवक को बड़े चोरी नेटवर्क का मास्टरमाइंड होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने संगठित तरीके से सुपरमार्केट्स को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की चोरी को अंजाम दिया।

68 बार चोरी, करोड़ों का सामान गायब

जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग सुपरमार्केट्स में करीब 68 बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया और लगभग 1 करोड़ रुपये के सामान पर हाथ साफ किया। इस मामले में उसके खिलाफ कुल 87 केस दर्ज किए गए हैं।

महंगे प्रोडक्ट्स को बनाता था निशाना

जांच में सामने आया है कि आरोपी इलेक्ट्रिक टूथब्रश, रेज़र, विटामिन और स्किन-केयर जैसे महंगे प्रोडक्ट्स चोरी करता था और बाद में उन्हें अवैध बाजार में बेच देता था।

संगठित गिरोह से जुड़ा मामला

Victoria Police के अनुसार, आरोपी एक बड़े संगठित गिरोह का हिस्सा था। इस गिरोह के अब तक 31 सदस्यों को हिरासत में लिया जा चुका है। इस पूरे अभियान को “ऑपरेशन सुपरनोवा” नाम दिया गया है, जिसे राज्य में चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

वीजा खत्म होने के बाद अपनाया अपराध का रास्ता

बताया जा रहा है कि 39 वर्षीय आरोपी स्टडी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया गया था, लेकिन वीजा समाप्त होने के बाद उसने देश छोड़ने के बजाय अवैध रूप से वहीं रहना शुरू कर दिया। इसके बाद उसने चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू किया।

जांच जारी

पुलिस पिछले एक साल से इस नेटवर्क पर नजर रखे हुए थी। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे गिरोह की गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है और आगे भी कई खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *