Punjab Drug Bust: अमृतसर में 8.378 किलो हेरोइन बरामद, पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हो रही थी तस्करी

पंजाब में 48 करोड़ की हेरोइन बरामद: पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आ रही थी खेप, 2 तस्कर गिरफ्तार

अमृतसर: पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर में एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कमिश्नरेट पुलिस ने 8.378 किलोग्राम हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 48 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद थाना छेहर्टा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लवप्रीत सिंह उर्फ लव और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया। शुरुआती तलाशी में उनके कब्जे से 2 किलो हेरोइन बरामद हुई।

पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई में 3 किलो 10 ग्राम हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की। इसके बाद एक अन्य ऑपरेशन में 3 किलो 368 ग्राम हेरोइन और बरामद की गई। इस तरह कुल बरामदगी 8 किलो 378 ग्राम तक पहुंच गई।

पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी जा रही थी खेप

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान में बैठे तस्कर ड्रोन के माध्यम से भारत-पाक सीमा के भीतर तय स्थानों पर हेरोइन गिराते थे। इसके बाद स्थानीय नेटवर्क के सदस्य खेप उठाकर आगे सप्लाई करते थे।

मुख्य आरोपी 28 वर्षीय लवप्रीत सिंह, अमृतसर के गांव खासा का रहने वाला है और बीए पास है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था।

युवाओं को बनाया जा रहा निशाना

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि रातों-रात अमीर बनने की चाहत और बेरोजगारी के कारण कई युवा तस्करों के जाल में फंस रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और समय-समय पर उनकी काउंसिलिंग करें।

उन्होंने यह भी कहा कि पड़ोसी देश पंजाब के युवाओं को नशे के जरिए गुमराह करने की साजिश रच रहा है। ऐसे नेटवर्क को खत्म करने के लिए पुलिस और समाज दोनों को मिलकर काम करना होगा।

जांच जारी

पुलिस ने बताया कि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *