Himachal News: चूड़धार के जंगल में रास्ता भटके 7 टूरिस्ट, पंजाब-हरियाणा के दंपति समेत सभी का रेस्क्यू
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में प्रसिद्ध चूड़धार मंदिर से लौटते समय पंजाब और हरियाणा के सात पर्यटक घने जंगल में रास्ता भटक गए। इनमें एक दंपति भी शामिल था। पर्यटकों के जंगल में फंसने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रातभर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने सभी लापता पर्यटकों को अलग-अलग स्थानों से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। बताया गया है कि कुछ पर्यटक मोहाली, पंचकूला और करनाल से संबंधित हैं।
चूड़धार से लौटते समय ट्रैक से भटके
जानकारी के अनुसार, सातों पर्यटक रविवार शाम करीब 4 बजे सराह से चूड़धार की ओर रवाना हुए थे। वापसी के दौरान देवदार के घने जंगल में उनका समूह निर्धारित ट्रैक से भटक गया।
समूह के तीन सदस्य किसी तरह वापस ट्रैक तक पहुंचने में सफल रहे। इनमें लालड़ू निवासी दुष्यंत, पंचकूला निवासी जागरीत और जसप्रीत शामिल बताए गए हैं।
ट्रैक पर लौटने के बाद उन्होंने अपने अन्य साथियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन चार लोगों से संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

दंपति समेत चार लोग जंगल में रह गए
लापता पर्यटकों में पंचकूला के बरवाला निवासी साकेत, जिरकपुर क्षेत्र के बतराना निवासी राहुल तथा करनाल जिले के राहुल (26) और उनकी पत्नी मधु (24) शामिल बताए गए।
अंधेरा होने के कारण जंगल में फंसे लोगों की लोकेशन का पता लगाना मुश्किल हो गया था। इसके बाद पुलिस ने रात में ही सर्च अभियान शुरू कर दिया।
रातभर चला पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन
शिमला के SSP गौरव सिंह के अनुसार, 13 सितंबर की रात 112 कंट्रोल रूम शिमला के माध्यम से पर्यटकों के जंगल में रास्ता भटकने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही चौपाल थाना पुलिस की टीम चूड़धार के दुर्गम और घने जंगल वाले इलाके में पहुंची। रात का समय होने और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पुलिसकर्मियों ने सर्च ऑपरेशन जारी रखा।
पताल खड्ड से दो युवकों को किया रेस्क्यू
पुलिस टीम ने तलाशी के दौरान आधी रात के आसपास पताल खड्ड की ओर जंगल में फंसे दो युवकों को खोज लिया। दोनों को सुरक्षित बाहर लाया गया।
इसी दौरान पुलिस को दो अन्य पर्यटकों के भी जंगल में रास्ता भटकने की जानकारी मिली। इनमें एक दंपति शामिल था।
इसके बाद पुलिस टीम ने सर्च ऑपरेशन को और आगे बढ़ाया और चूड़धार क्षेत्र में दोनों को भी सुरक्षित तलाश लिया।
करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद राहत
लगातार कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस ने घने जंगल और अंधेरे के बीच अलग-अलग स्थानों पर तलाश की। करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद सभी लापता पर्यटकों को सुरक्षित खोज लिया गया।
सभी के मिलने के बाद उनके परिवारों ने भी राहत की सांस ली। पुलिस ने पर्यटकों को दुर्गम पहाड़ी इलाकों में ट्रैकिंग और यात्रा के दौरान निर्धारित रास्ते से न भटकने की सलाह दी है।
चूड़धार क्षेत्र अपने घने जंगल, ऊंचाई और कठिन ट्रैक के लिए जाना जाता है। ऐसे इलाकों में मौसम और अंधेरा होने के बाद रास्ता पहचानना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

