होशियारपुर: पंजाब के होशियारपुर जिले के धूत कलां गांव में एक पिता पर अपनी 17 वर्षीय बेटी की कृपाण से हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतका इंद्रप्रीत कौर 12वीं कक्षा की छात्रा थी। पुलिस ने उसकी मां बलजीत कौर के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सुबह करीब 7:15 बजे मिली हत्या की सूचना
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 7:15 बजे सूचना मिली कि धूत कलां गांव में एक नाबालिग लड़की की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलने के बाद थाना हरियाणा की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी बेटी के बजाय बेटा न होने की बात को लेकर नाराज रहता था। हालांकि, मामले की पूरी सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पढ़ाई में होशियार थी इंद्रप्रीत कौर
इंद्रप्रीत कौर सरकारी स्कूल धूत कलां में 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह पढ़ाई में काफी होशियार थी। बेटी की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।
मामा ने की आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग
मृतका के मामा मनजीत सिंह ने बताया कि आरोपी शुरू से ही बेटा होने की इच्छा रखता था। उन्होंने कहा कि परिवार को अंदाजा नहीं था कि वह इस तरह की घटना को अंजाम दे सकता है। मनजीत सिंह ने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
DSP बोले—मां के बयान पर दर्ज किया केस
DSP देहाती नरेंद्र सिंह के अनुसार, पुलिस को सुबह हत्या की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच और पूछताछ की। मृतका की मां बलजीत कौर के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
DSP ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी अपनी इकलौती बेटी होने को लेकर नाराजगी जाहिर करता था। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

