श्री अकाल तख्त साहिब का फैसला, दो कीर्तन जत्थों पर एक महीने की रोक

श्री अकाल तख्त साहिब का सख्त फैसला: दो कीर्तन जत्थों पर एक महीने की रोक, गुरमत की शिक्षा भी लेंगे

अमृतसर: श्री अकाल तख्त साहिब ने भाई जगजीत सिंह बबीहा और भाई कुलविंदर सिंह खरड़ के कीर्तनी जत्थों पर एक महीने तक संगत के बीच कीर्तन करने पर रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध 13 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा।

यह कार्रवाई श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के आदेश पर की गई है। बताया गया है कि दोनों कीर्तनी जत्थों के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था और इस संबंध में श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं।

एक महीने तक गुरमत की शिक्षा लेंगे दोनों जत्थे

श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रतिबंध की अवधि के दौरान दोनों कीर्तनी गुरमत की शिक्षा प्राप्त करेंगे। भाई जगजीत सिंह बबीहा को शहीद सिख मिशनरी कॉलेज, अमृतसर में और भाई कुलविंदर सिंह खरड़ को गुरमत संगीत अकादमी, श्री आनंदपुर साहिब में प्रशिक्षण लेने के निर्देश दिए गए हैं।

रोजाना लंगर हॉल में करनी होगी सेवा

आदेश में दोनों को नम्रता और सेवा भावना विकसित करने के उद्देश्य से रोजाना सुबह और शाम लंगर हॉल में सेवा करने के लिए भी कहा गया है।

एक महीने का प्रशिक्षण और सेवा पूरी करने के बाद दोनों को संबंधित संस्थानों से प्रमाण पत्र प्राप्त करना होगा। इसके बाद उन्हें व्यक्तिगत रूप से श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *