क्रिकेटर अर्शदीप सिंह ने मॉडल समरीन कौर से की सगाई, घुटनों पर बैठकर पहनाई अंगूठी; तस्वीरें वायरल
चंडीगढ़: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने मॉडल समरीन कौर के साथ सगाई कर ली है। अर्शदीप ने समरीन को घुटनों पर बैठकर प्रपोज किया और उन्हें सगाई की अंगूठी पहनाई। समरीन ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर इस खास पल की तस्वीरें साझा कीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों को बधाइयां मिलने लगीं।
समरीन ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जिंदगी ने उन्हें एक-दूसरे का साथ दिया है और अब वे पूरी जिंदगी साथ बिताना चाहते हैं। उन्होंने बुधवार दोपहर करीब 4:22 बजे तस्वीरें शेयर कीं। भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पंड्या ने भी दोनों को बधाई देते हुए लिखा, ‘बधाई हो, भगवान आप दोनों को हमेशा खुश रखे।’
घुटनों पर बैठकर किया प्रपोज
सगाई की तस्वीरों में अर्शदीप सिंह घुटनों पर बैठकर समरीन को अंगूठी पहनाते नजर आ रहे हैं। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया। समरीन ने अपनी सगाई की रिंग भी दिखाई। तस्वीरें सामने आने के बाद प्रशंसकों और सोशल मीडिया यूजर्स ने दोनों को शुभकामनाएं दीं।
अप्रैल में शुरू हुई थी रिश्ते की चर्चा
अर्शदीप और समरीन के रिश्ते को लेकर अप्रैल 2026 में चर्चाएं शुरू हुई थीं। उस समय अर्शदीप ने स्नैपचैट पर एक लड़की का हाथ पकड़े हुए तस्वीर साझा की थी। तस्वीर में चेहरा दिखाई नहीं दे रहा था, लेकिन प्रशंसकों ने हाथ पर बने टैटू और नेल आर्ट की तुलना समरीन की तस्वीरों से की। इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर अटकलें लगने लगीं।
IPL मैचों में अर्शदीप को चीयर करती दिखीं समरीन
IPL 2026 के दौरान समरीन कई बार पंजाब किंग्स के मुकाबले देखने पहुंचीं। उन्हें न्यू चंडीगढ़ और मुंबई के स्टेडियम में वीआईपी स्टैंड से अर्शदीप का उत्साह बढ़ाते देखा गया। इसके बाद दोनों के रिश्ते की चर्चाएं और तेज हो गईं।
धर्मशाला और चंडीगढ़ में भी साथ नजर आए
मई में IPL के दौरान दोनों का धर्मशाला की सड़कों पर हाथों में हाथ डालकर घूमने का वीडियो वायरल हुआ था। इसी दौरान उन्हें चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर भी साथ देखा गया। हालांकि, उस समय दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी।
गुरुद्वारे में माथा टेका, फिर ब्रेकअप की उड़ी अफवाह
जून में अर्शदीप और समरीन पंजाब के एक गुरुद्वारे में साथ माथा टेकने पहुंचे थे। इसके कुछ दिन बाद सोशल मीडिया पर दोनों के एक-दूसरे को अनफॉलो करने की चर्चा शुरू हुई और ब्रेकअप की अफवाहें फैलने लगीं। हालांकि, इन खबरों की पुष्टि नहीं हुई।
‘My Person’ लिखकर किया था रिश्ता सार्वजनिक
बाद में अर्शदीप ने समरीन के साथ दो तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं और कैप्शन में ‘My Person’ लिखा था। इस पोस्ट को दोनों के रिश्ते की सार्वजनिक पुष्टि के तौर पर देखा गया। अब सगाई की तस्वीरों के साथ दोनों ने अपने रिश्ते में एक नया पड़ाव शुरू किया है।
IPL 2027 से पहले अर्शदीप और हार्दिक का ट्रेड भी चर्चा में
अर्शदीप सिंह हाल ही में IPL 2027 से पहले हुए ट्रेड को लेकर भी सुर्खियों में रहे हैं। पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच हुए ट्रेड के तहत अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस से जुड़ेंगे, जबकि ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या पंजाब किंग्स का हिस्सा बनेंगे।
IPL की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, हार्दिक पंड्या की फीस 16.35 करोड़ रुपये से बढ़कर 18 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं, अर्शदीप सिंह 18 करोड़ रुपये की मौजूदा फीस पर मुंबई इंडियंस से जुड़ेंगे।

