मशहूर पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा, जो हाल ही में हरियाणा के पिंजौर में सड़क हादसे का शिकार हो गए थे, उनकी तबीयत अब पहले से बेहतर बताई जा रही है। हादसे के बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज जारी है।
CM मान पहुंचे अस्पताल
आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान खुद फोर्टिस अस्पताल पहुंचे और जवंदा के परिवार से मिलकर उनकी सेहत की जानकारी ली। सीएम मान ने कहा कि डॉक्टरों के अनुसार राजवीर की हालत में कल की तुलना में सुधार है। हालांकि सिर में चोट लगने के कारण रिकवरी धीरे-धीरे हो रही है।
सीएम मान ने बताया कि उन्होंने जवंदा की मां और पत्नी से भी मुलाकात की और सरकार की तरफ़ से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर अफवाहें न फैलाएं और केवल अस्पताल द्वारा जारी किए गए मेडिकल बुलेटिन पर ही भरोसा करें।
हादसे के बाद कलाकार भी पहुंचे अस्पताल
जानकारी के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब राजवीर जवंदा अपने दोस्तों के साथ बाइक राइड पर निकले थे। रास्ते में अचानक दो आवारा पशु आ जाने से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बोलेरो वाहन से टकरा गई। इस टक्कर में राजवीर को सिर पर गंभीर चोटें आईं और बताया जा रहा है कि उन्हें हादसे के बाद दिल का दौरा भी पड़ा था।
इस बीच कई पंजाबी कलाकार भी अस्पताल पहुंचकर राजवीर की सेहत की जानकारी ले चुके हैं। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और वे धीरे-धीरे रिकवरी कर रहे हैं। फैन्स उम्मीद कर रहे हैं कि राजवीर जल्द ही फिर से स्टेज पर लौटेंगे।