दिलजीत दोसांझ का दिल्ली कॉन्सर्ट रद्द होने की कगार पर, पुलिस ने अनुमति देने से किया इनकार
पंजाबी गायक और बॉलीवुड अभिनेता दिलजीत दोसांझ का 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होने वाला कॉन्सर्ट अनिश्चितता में घिर गया है। दिल्ली पुलिस ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों का हवाला देते हुए कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। यह कॉन्सर्ट दिलजीत के ‘ऑरा इंडिया टूर’ का हिस्सा था।
बुकमायशो को पत्र भेजकर दी जानकारी
दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) कार्यालय ने कार्यक्रम के आयोजक बुकमायशो को पत्र भेजकर फैसले की जानकारी दी। पत्र के अनुसार, आयोजकों ने 14 अक्टूबर को 30 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगी थी।
पुलिस ने आवेदन की समीक्षा के बाद मौजूदा परिस्थितियों में आयोजन को मंजूरी देने में असमर्थता जताई है।
त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बड़ी वजह
पुलिस के मुताबिक, त्योहारों के मौसम में दिल्ली के संवेदनशील स्थानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना जरूरी होता है। ऐसे में बड़े स्तर पर होने वाले कॉन्सर्ट के लिए पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशंसकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ नियंत्रण, प्रवेश और निकासी तथा सुरक्षा प्रबंधन के लिए व्यापक इंतजामों की जरूरत पड़ती। पुलिस ने इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अनुमति देने से इनकार किया है।
अब आयोजकों के अगले कदम पर नजर
पुलिस के फैसले के बाद कॉन्सर्ट के आयोजन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। फिलहाल यह जानकारी सामने नहीं आई है कि आयोजक कार्यक्रम के लिए नई तारीख मांगेंगे या किसी दूसरे स्थान पर आयोजन करने की कोशिश करेंगे।
दिलजीत दोसांझ के प्रशंसकों को अब आयोजकों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

