टिकट कटने पर मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां बोले- पार्टी का फैसला सिर माथे, भतीजे की जीत के लिए करूंगा प्रचार
श्री मुक्तसर साहिब: पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने लंबी विधानसभा सीट से कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां का टिकट काटकर उनके भतीजे रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां को उम्मीदवार बनाया है। टिकट कटने के बाद खुड्डियां ने नाराजगी की अटकलों को खारिज करते हुए भतीजे के समर्थन में चुनाव प्रचार करने का ऐलान किया है।
गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि पार्टी का फैसला उनके लिए सर्वोपरि है। आम आदमी पार्टी ने 2022 में उन्हें लंबी से चुनाव लड़ने का मौका दिया था। जनता ने उन्हें विधायक चुना और पार्टी ने कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि उस चुनाव में रणधीर सिंह ने भी उनकी जीत के लिए मेहनत की थी और अब वह अपने भतीजे को जिताने के लिए काम करेंगे।
खुड्डियां ने यह भी कहा कि उन्हें किसी पद का लालच नहीं है और वह पार्टी के साथ बने रहेंगे।
बादल को हराकर आए थे चर्चा में
गुरमीत सिंह खुड्डियां ने 26 जुलाई 2021 को आम आदमी पार्टी जॉइन की थी। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने लंबी सीट से पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को 11,396 वोटों के अंतर से हराकर सबका ध्यान खींचा था।
इस जीत के बाद 31 मई 2023 को उन्हें पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने उन्हें बठिंडा संसदीय सीट से उम्मीदवार बनाया, लेकिन वहां उन्हें शिरोमणि अकाली दल की हरसिमरत कौर बादल के हाथों 49,656 वोटों से हार का सामना करना पड़ा।
2022 में चाचा की कोर कैंपेन टीम में थे रणधीर
रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान अपने चाचा गुरमीत सिंह खुड्डियां की कोर कैंपेन टीम का हिस्सा थे। हालांकि, बाद के समय में दोनों के बीच मतभेदों की चर्चाएं भी सामने आई थीं।
अब आम आदमी पार्टी ने लंबी सीट से रणधीर सिंह को उम्मीदवार बनाया है। टिकट कटने के बाद गुरमीत सिंह खुड्डियां का उनके समर्थन में प्रचार करने का बयान पार्टी के चुनावी समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

