कपिल शर्मा के कनाडा स्थित रेस्तरां पर फायरिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, जबरन वसूली का शक
कनाडा में मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के रेस्तरां पर हुई गोलीबारी के मामले में रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गोलीबारी से जुड़े आरोप लगाए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय प्रदीप सिंह और सवीर खान के रूप में हुई है। दोनों को 1 नवंबर को हिरासत में लिया गया था।
पुलिस के मुताबिक, सरे शहर में स्थित कपिल शर्मा के रेस्तरां पर 16 अक्टूबर को फायरिंग हुई थी। जुलाई में रेस्तरां खुलने के बाद यह तीसरी बार था, जब उसे निशाना बनाया गया। घटना के समय रेस्तरां बंद था, लेकिन अंदर दो कर्मचारी मौजूद थे। राहत की बात रही कि दोनों सुरक्षित बच गए और किसी को चोट नहीं आई।
12 अक्टूबर को एक मकान पर भी की थी गोलीबारी
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी 12 अक्टूबर को सरे में एक मकान पर हुई गोलीबारी की घटना में भी कथित तौर पर शामिल थे। इस वारदात में एक महिला घायल हो गई थी।
RCMP ने दोनों घटनाओं के संबंध में आरोपियों पर लापरवाही से गोली चलाने का एक-एक आरोप लगाया है। जांच एजेंसियों को दोनों घटनाओं के बीच जबरन वसूली से जुड़े संभावित संबंध भी मिले हैं।
जबरन वसूली के एंगल से जांच कर रही विशेष टीम
दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंध सामने आने के बाद ब्रिटिश कोलंबिया की एक्सटॉर्शन एंटी-टास्क फोर्स ने जांच की जिम्मेदारी संभाली थी।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कपिल शर्मा के रेस्तरां पर हुई गोलीबारी का मकसद जबरन वसूली करना था या नहीं। शुरुआती जांच में इस दिशा में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात कही गई है।
करीब एक साल की जांच के बाद हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों तक पहुंचने के लिए व्यापक जांच की गई। इस दौरान अदालत से जरूरी मंजूरियां ली गईं, तलाशी वारंट हासिल किए गए और जुटाए गए साक्ष्यों का विस्तृत विश्लेषण किया गया।
RCMP के मुख्य अधीक्षक डंकन पाउंड ने कहा कि ये गिरफ्तारियां और लगाए गए आरोप जबरन वसूली से जुड़ी हिंसा में शामिल लोगों के लिए स्पष्ट संदेश हैं। कानून प्रवर्तन एजेंसियां सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसे अपराधों पर कार्रवाई करने के लिए मिलकर काम कर रही हैं।

