लुधियाना में बर्थडे पार्टी में जाने से मना करने पर युवक पर हमला, पेट पर खंजर से वार; हाथ की चार अंगुलियां कटीं
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में जन्मदिन की पार्टी में जाने से इनकार करने पर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जन्मदिन मना रहे युवक ने अपने परिचित के पेट पर खंजर से वार किया। बचाव के दौरान पीड़ित के दाएं हाथ की चारों अंगुलियां भी आधी कट गईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पार्टी में चलने से मना किया तो शुरू की मारपीट
पीड़ित मोहित के पुलिस को दिए बयान के मुताबिक, 18 सितंबर को वह अपने कमरे में अकेला था। इसी दौरान पुनीत नाम का युवक वहां पहुंचा। उस दिन पुनीत का जन्मदिन था और वह मोहित पर अपने साथ पार्टी में चलने के लिए दबाव बना रहा था।
मोहित ने किसी कारण से उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज होकर पुनीत ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मोहित को थप्पड़ मारने लगा।
पेट पर किया खंजर से वार
शिकायत के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने पास रखा धारदार खंजर निकाल लिया और मोहित के पेट पर वार कर दिया। खुद को बचाने के लिए मोहित ने खंजर के ब्लेड को दाएं हाथ से पकड़ लिया। इस दौरान उसके हाथ की चारों अंगुलियां आधी कट गईं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां पहुंचने लगे। आरोप है कि इसके बाद पुनीत उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया।
अस्पताल में कराया गया इलाज
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल मोहित को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी चोटों का उपचार किया और कटी हुई अंगुलियों के लिए सर्जरी की।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और पीड़ित के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी पुनीत के खिलाफ धारदार हथियार से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों में मामला दर्ज किया है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

