पंजाबी दूरदर्शन | मोगा
मोगा–बरनाला बाईपास पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पटवारी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अनीश कुमार गोयल के रूप में हुई है, जो बधनी कलां हलके के गांव मीनियां में पटवारी के पद पर तैनात थे। इस हादसे से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, अनीश कुमार गोयल शुक्रवार रात मोगा के पास एक समारोह में शामिल होने के बाद अपनी आई10 कार से बरनाला की ओर लौट रहे थे। जब उनकी कार निहाल सिंह वाला के पास मोगा–बरनाला बाईपास पर पहुंची, तो वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे साइनबोर्ड के खंभे से जा टकराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अनीश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पंजाब पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
मोगा के सिविल अस्पताल में जानकारी देते हुए कानूनगो अमनदीप सिंह ने बताया कि हादसा देर रात हुआ और प्रारंभिक जांच में इसे सड़क दुर्घटना माना जा रहा है। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
शनिवार को सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।
इस दुखद हादसे के बाद सरकारी कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। पंजाबी दूरदर्शन दिवंगत अनीश कुमार गोयल को श्रद्धांजलि अर्पित करता है और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।

