Punjabi Doordarshan | अंतरराष्ट्रीय डेस्क
कनाडा में हत्या की शिकार हुई पंजाबी मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Nancy Grewal के मामले में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। अब नैंसी की बहन अलीशा ने दावा किया है कि नैंसी को पहले से अपनी जान को खतरा होने का अंदेशा था और उसने इसकी जानकारी पुलिस को भी दी थी।
15 दिन पहले दोस्त ने दी थी चेतावनी
अलीशा के मुताबिक, घटना से करीब 15 दिन पहले नैंसी के एक करीबी दोस्त ने उन्हें चेतावनी दी थी कि कुछ लोग उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं। दोस्त ने सलाह दी थी कि कुछ समय के लिए सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
हालांकि नैंसी ने यह कहते हुए ऐसा करने से इनकार कर दिया कि वह डरकर पीछे नहीं हटेंगी और सच बोलना बंद नहीं करेंगी।
पुलिस को दिए थे संदिग्धों के नाम
परिवार के अनुसार, नैंसी ने कनाडा पुलिस को पहले ही कुछ संदिग्ध लोगों के नाम बताए थे और कहा था कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इन लोगों से पूछताछ की जाए।
मरीज को बचाने के लिए बंद किया दरवाजा
बताया गया कि हमले के समय नैंसी एक पैरालाइज मरीज की देखभाल कर रही थीं। हमलावरों के आने की आशंका के बीच उन्होंने सबसे पहले मरीज की सुरक्षा के लिए घर का दरवाजा बंद कर दिया ताकि उसे नुकसान न पहुंचे।
हमलावरों से भिड़ीं नैंसी
बहन के अनुसार, नैंसी ने हमलावरों का सामना करने की कोशिश की और बचने के लिए घर की ओर भागीं, लेकिन दरवाजा ऑटो लॉक हो चुका था। इसके बाद हमलावरों ने उन्हें घर के पीछे सुनसान जगह पर घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल नैंसी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
कई एंगल से हो रही जांच
घटना मॉन्ट्रियल के पास लासाल इलाके में हुई थी। फिलहाल मामले की जांच Service de police de la Ville de Montréal द्वारा की जा रही है।
परिवार का कहना है कि हत्या के पीछे कई कारण हो सकते हैं और पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है।
अंतिम संस्कार की तैयारी
नैंसी के अंतिम संस्कार के लिए उनकी मां कनाडा पहुंच चुकी हैं। पुलिस की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही शव परिवार को सौंपा जाएगा।

