Pargat Singh First Statement: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनते ही हाईकमान का जताया आभार

पंजाब कांग्रेस का प्रधान बनने के बाद परगट सिंह का पहला बयान, हाईकमान का जताया आभार

चंडीगढ़: पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद परगट सिंह का पहला बयान सामने आया है। उन्होंने पार्टी हाईकमान का आभार जताते हुए कहा कि वह पंजाब में कांग्रेस को मजबूत करने और राज्य के लोगों की सेवा करने के लिए पूरी लगन और प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।

कांग्रेस ने शुक्रवार को अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया था। नियुक्ति के बाद परगट सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद दिया।

खड़गे, सोनिया और राहुल गांधी का किया धन्यवाद

परगट सिंह ने अपने संदेश में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपना उनके लिए महत्वपूर्ण अवसर है। वह पंजाब में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और जनता के हितों के लिए काम करने को प्राथमिकता देंगे।

 

PunjabKesari

हॉकी के मैदान से राजनीति तक का सफर

परगट सिंह भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान रह चुके हैं। उन्होंने 1992 और 1996 के ओलंपिक खेलों में भारतीय टीम का नेतृत्व किया था। खेलों के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और शिरोमणि अकाली दल से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया। बाद में वह कांग्रेस में शामिल हो गए।

वह जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक चुने जा चुके हैं और पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

नए अध्यक्ष के सामने संगठन को मजबूत करने की चुनौती

परगट सिंह को ऐसे समय में पंजाब कांग्रेस की कमान सौंपी गई है, जब पार्टी के भीतर नेतृत्व और संगठन को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी के सामने कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने, संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी पकड़ बढ़ाने की चुनौती होगी।

परगट सिंह की नियुक्ति के बाद अब यह देखना अहम होगा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस की रणनीति और संगठनात्मक ढांचे में क्या बदलाव होते हैं।

इस बीच, परगट सिंह की पत्नी बरिंदर प्रीत कौर ने भी उनकी नई जिम्मेदारी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें महत्वपूर्ण दायित्व दिया है और उन्हें उम्मीद है कि पंजाब के लोग आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का समर्थन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *