15 नवंबर को होगी परविंदर सिंह झोटा की अंतिम अरदास, परिवार ने दी जानकारी
मानसा में ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री सुलिसर साहिब कोट धर्मू में होगा धार्मिक समागम; हत्या के 26 दिन बाद दिवाली पर किया गया था अंतिम संस्कार
मानसा के एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की अंतिम अरदास 15 नवंबर को होगी। परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस अवसर पर ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री सुलिसर साहिब, कोट धर्मू में धार्मिक समागम आयोजित किया जाएगा।
गौरतलब है कि परविंदर सिंह झोटा का अंतिम संस्कार उनकी हत्या के 26 दिन बाद रविवार को दिवाली के दिन किया गया था। 13 अक्टूबर को गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। इसके बाद 7 नवंबर को चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में उनका पोस्टमॉर्टम किया गया।
अंतिम यात्रा में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार के दौरान उनके बेटे और पिता भीम सिंह ने मुखाग्नि दी। इस दौरान उनके दोनों बेटों अंगदवीर और हरफतेह ने ‘परविंदर सिंह झोटा अमर रहे’ और ‘परविंदर तेरी सोच पर पहरा देंगे ठोक कर’ के नारे लगाए। वहीं, उनकी पत्नी मनप्रीत कौर पूरे समय ईश्वर का जाप करती रहीं।
पिता भीम सिंह ने खत्म की भूख हड़ताल
मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी को हटाने की मांग को लेकर परविंदर झोटा के पिता भीम सिंह 5 नवंबर से भूख हड़ताल पर बैठे थे। अंतिम संस्कार के बाद उन्होंने पंज सिंह साहिबान के आदेशों का सम्मान करते हुए पानी पीकर अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी।
भूख हड़ताल खत्म करने के दौरान भीम सिंह ने पंजाब सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए। अब परिवार की ओर से 15 नवंबर को अंतिम अरदास और धार्मिक समागम की जानकारी साझा की गई है।

