पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: बठिंडा में 6,313 EVM मशीनों की जांच शुरू

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, बठिंडा में 6,313 EVM मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग

2733 बैलेट यूनिट, 1762 कंट्रोल यूनिट और 1818 VVPAT की जांच प्रक्रिया का अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी अमनदीप सिंह ने लिया जायजा

बठिंडा: पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत चुनाव आयोग के निर्देशों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) करवाई जा रही है। इसी कड़ी में पंजाब के अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी अमनदीप सिंह (IAS) ने बठिंडा स्थित ईवीएम वेयरहाउस का दौरा कर मशीनों की जांच प्रक्रिया और वहां किए गए प्रबंधों का निरीक्षण किया।

इस दौरान वेयरहाउस में रखी 2733 बैलेट यूनिट (BU), 1762 कंट्रोल यूनिट (CU) और 1818 वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग का जायजा लिया गया। अमनदीप सिंह ने जांच प्रक्रिया को बारीकी से देखा और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने चेकिंग के लिए किए गए प्रबंधों पर संतुष्टि जताई।

चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर जोर

एडीसी (जनरल) पूनम सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार एफएलसी प्रक्रिया पूरी करवाने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।

उन्होंने कहा कि जांच निर्धारित नियमों और तकनीकी मानकों के तहत करवाई जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य विधानसभा चुनाव 2027 के दौरान ईवीएम की विश्वसनीयता सुनिश्चित करना और मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखना है।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार चुनाव हरजिंदर कौर, निर्मल सिंह, सहायक नोडल अधिकारी ईवीएम एवं सरकारी आईटीआई (लड़के), बठिंडा के प्रिंसिपल सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और चुनाव कार्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।

चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत जारी यह प्रक्रिया आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके जरिए मतदान में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच कर चुनाव प्रक्रिया के लिए उनकी तैयारी सुनिश्चित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *