चंडीगढ़ | Punjabi Doordarshan
पंजाब में लोहड़ी तक मौसम को लेकर भारतीय मौसम विभाग (IMD) चंडीगढ़ ने बड़ी चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने 9 जनवरी से 13 जनवरी तक राज्य के लिए जिलेवार येलो अलर्ट जारी करते हुए घने कोहरे और शीतलहर की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक पंजाब के कई इलाकों में घना और कहीं-कहीं बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके साथ ही कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर भी जारी रहेगा। विभाग ने आज भी पंजाब और चंडीगढ़ के लिए कोहरे और शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
जिलेवार मौसम का हाल
IMD के मुताबिक, 9 और 10 जनवरी को गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर और रोपड़ जैसे उत्तर-पूर्वी जिलों में कोहरे के साथ शीतलहर का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। वहीं, फिरोजपुर, मोगा और फरीदकोट जैसे पश्चिमी जिलों में मौसम कुछ हद तक सामान्य रहने की संभावना है।
11 से 13 जनवरी के दौरान साउथ और वेस्ट पंजाब के कुछ जिलों में मौसम सामान्य रह सकता है, लेकिन सेंट्रल और ईस्ट पंजाब में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। इस दौरान विजिबिलिटी कम होने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
लोहड़ी तक येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 13 जनवरी (लोहड़ी) तक येलो अलर्ट लागू रहेगा। ठंड के चलते रात और दिन दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
लोगों और किसानों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि कोहरे के दौरान सुबह वाहन चलाते समय धीमी गति रखें, फॉग लाइट का इस्तेमाल करें और गैर-जरूरी यात्रा से बचें। वहीं, किसानों से अपील की गई है कि वे मौसम को ध्यान में रखते हुए खेती-बाड़ी से जुड़े फैसले लें।
Punjabi Doordarshan मौसम से जुड़ी हर अहम अपडेट आप तक सबसे पहले पहुंचाता रहेगा।

