दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ विवाद के बीच खालड़ा हत्याकांड फिर चर्चा में, पूर्व DSP जसपाल सिंह की तलाश के आदेश
पंजाब डेस्क: मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर जारी विवाद के बीच खालड़ा हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। सूत्रों के मुताबिक, नाभा जेल प्रशासन ने होशियारपुर प्रशासन को इस मामले के दोषी पूर्व डीएसपी जसपाल सिंह का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
उम्रकैद की सजा के बाद जमानत पर आया था बाहर
जानकारी के अनुसार, पूर्व डीएसपी जसपाल सिंह को जसवंत सिंह खालड़ा हत्याकांड में दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। वह मई 2023 में जमानत पर जेल से बाहर आया था। अब प्रशासन ने उसकी वर्तमान स्थिति का पता लगाने और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
‘सतलुज’ विवाद के बीच फिर चर्चा में आया मामला
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब अभिनेता एवं गायक दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने के महज दो दिन बाद हटा दी गई। फिल्म हटाए जाने के बाद सोशल मीडिया, फिल्म जगत और विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिल्म की टीम ने भी इस फैसले पर निराशा जताई है।
खालड़ा हत्याकांड में रही थी अहम भूमिका
जसवंत सिंह खालड़ा हत्याकांड में पूर्व डीएसपी जसपाल सिंह की भूमिका को जांच और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान महत्वपूर्ण माना गया था। अब जमानत पर रिहा होने के बाद उसकी तलाश के लिए प्रशासनिक स्तर पर जारी निर्देशों ने इस बहुचर्चित मामले को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

