Train Birth Story: ट्रेन सफर में गूंजी किलकारी, लुधियाना से बिहार जा रही महिला ने दिया बेटे को जन्म
लुधियाना | Punjabi Doordarshan ब्यूरो
रेल यात्रा के दौरान एक सुखद और भावुक कर देने वाला दृश्य उस वक्त देखने को मिला जब लुधियाना से बिहार जा रही एक महिला यात्री ने ट्रेन में ही बेटे को जन्म दिया। यह अनोखी घटना दुर्ग्याना एक्सप्रैस (ट्रेन नंबर 12358) में सामने आई।
महिला की पहचान ज्योति देवी के रूप में हुई है, जो अपने पति देवी शंकर और अन्य परिजनों के साथ कोच नंबर 6 की सीट 18 और 19 पर सफर कर रही थी। दंपती लुधियाना के कंगनवाल इलाके में रहते हैं और बिहार के रोहतास जिले के गांव सोहड़ा जा रहे थे।
खन्ना के पास शुरू हुई प्रसव पीड़ा
महिला के पति के अनुसार, ट्रेन जब खन्ना के पास पहुंची तो ज्योति देवी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति को देखते हुए पति ने तुरंत ट्रेन स्टाफ को सूचना दी। स्टाफ ने रेलवे कंट्रोल को अवगत कराया, जिसके बाद अंबाला स्टेशन सुपरीटेंडेंट सुनील गुप्ता ने तत्काल मेडिकल सहायता की व्यवस्था करवाई।
अंबाला कैंट स्टेशन पर सुरक्षित डिलीवरी
जैसे ही ट्रेन अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंची, डॉक्टर गीतू, डॉक्टर उर्मिल, आरपीएफ की एएसआई कविता, कांस्टेबल रेणू और पूजा, तथा एएसआई संजीव मौके पर पहुंच गए।
आरपीएफ की महिला कर्मियों ने ट्रेन के अंदर ही महिला की सुरक्षित डिलीवरी करवाई, जिसके बाद मां और नवजात शिशु को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
रेलवे अधिकारियों और मेडिकल स्टाफ की तत्परता से मां और नवजात दोनों सुरक्षित हैं। इस मानवीय सेवा के लिए यात्रियों और परिजनों ने रेलवे प्रशासन और आरपीएफ कर्मियों की जमकर सराहना की।

